img

नई दिल्ली। अमेरिका और वेस्टइंडीज में 2 जून से होने वाले टी-20 क्रिकेट वर्ल्डकप में आतंकी हमले का खतरा मंडरा रहा है।  पाकिस्तान-अफगानिस्तान में एक्टिव आतंकी संगठन IS खोरासान ने टी-20 वर्ल्डकप के दौरान आतंकी हमले की धमकी दी है।


त्रिनिदाद और टोबागो के प्रधानमंत्री कीथ राउली ने बताया कि आतंकी संगठन ने कई देशों को वीडियो मैसेज भेजे हैं, इनमें वेस्टइंडीज भी शामिल है।

टी-20 वर्ल्डकप वेस्टइंडीज और अमेरिका में 2 जून से 29 जून तक खेला जाएगा। इंडिया के सभी लीग मैच अमेरिका में होने हैं। इसके बाद अगर टीम सुपर-8 के लिए क्वालिफाई करती है तो उसे ये मुकाबले वेस्टइंडीज में खेलने होंगे।

प्रो-इस्लामिक स्टेट के मीडिया ने कई देशों में स्पोर्ट्स इवेंट्स के दौरान हिंसा की धमकी दी है। IS खोरासान की अफगानिस्तान-पाकिस्तान ब्रांच ने प्रोपेगैंडा चैनल नशीर-ए-पाकिस्तान के जरिए एक वीडियो मैसेज जारी किया है। इसमें समर्थकों से अपील की गई है कि वे इन देशों में हमलों के लिए साथ दें।

इस मामले में क्रिकेट वेस्टइंडीज के CEO जॉनी ग्रेव्स ने क्रिक बज से कहा, "हम अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। हम यह निश्चित करेंगे कि वर्ल्डकप के दौरान होस्ट देशों और शहरों में लगातार निगरानी हो और हम किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए तैयार रहें।"


Read More: FIFA World Cup 2026: मेक्सिको ने इक्वाडोर को हराकर रचा इतिहास, फ्रांस और नॉर्वे प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे