img

वाशिंगटन । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कैलिफोर्निया स्थित गोल्फ कोर्स से दो अगस्त को एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से हथियार और विस्फोटक सामग्री के रूप में गोला-बारूद बरामद हुआ है। इस घटना से सुरक्षा और कानून प्रवर्तक एजेंसियां भौचक हैं।

लॉस एंजिल्स काउंटी शेरिफ विभाग ने बयान जारी कर कहा कि दक्षिणी कैलिफोर्निया में ट्रंप नेशनल गोल्फ क्लब के बाहर रविवार को एक हथियारबंद व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। संघीय एजेंटों के अनुसार, यह संदिग्ध व्यक्ति परिसर में घूम रहा था।

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, एक संघीय कानून प्रवर्तन सूत्र ने बताया कि सीक्रेट सर्विस इस बात की जांच कर रही है कि क्या वह व्यक्ति राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए खतरा था। जब संदिग्ध की गिरफ्तारी की घोषणा की गई तब ट्रंप कैलिफोर्निया जा रहे एयर फोर्स 1 विमान में सवार थे। राष्ट्रपति मंगलवार शाम अपने रैंचो पालोस वर्देस गोल्फ कोर्स में रिपब्लिकन नेशनल कमेटी के डिनर में शामिल होने वाले हैं।

अधिकारियों के अनुसार, संदिग्ध की पहचान डाउनी के 38 वर्षीय जीनिन जॉन टैले के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि टैले के खिलाफ एल सेगुंडो में डकैती का एक मामला पहले से दर्ज है। शेरिफ विभाग के अनुसार, टैले मैदान पर फोटो खींचने के साथ वीडियो बना रहा था। ऐसा लग रहा था कि वह सुरक्षा गतिविधियों पर नजर रख रहा था। उसे छुपाकर हथियार ले जाने और प्रतिबंधित गोला-बारूद रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

लॉस एंजिल्स काउंटी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी कार्यालय के अनुसार, टैले ने मंगलवार को चार आरोपों में खुद को निर्दोष बताया। इन आरोपों में नवंबर 2025 की डकैती, ट्रंप नेशनल गोल्फ क्लब में ताजा गिरफ्तारी के बाद दर्ज हथियार से जुड़े तीन आरोप शामिल हैं।

शेरिफ विभाग ने कहा कि एफबीआई की संयुक्त आतंकवाद विरोधी टास्क फोर्स के जासूसों ने सोमवार को टैले के घर की तलाशी ली। इस दौरान एक नोटबुक बरामद हुई। इसमें एआर-स्टाइल राइफल, .45 कैलिबर की पिस्तौल, बॉडी आर्मर, ज्यादा क्षमता वाली मैगजीन, गोला-बारूद, रेडियो सिग्नल डिवाइस आदि के बारे में लिखा है।  (हि.स.)
 


Read More: ट्रंप के कैलिफोर्निया गोल्फ कोर्स से एक संदिग्ध व्यक्ति गिरफ्तार, हथियार और विस्फोटक बरामद