पेरिस। Paris Olympics 2024: फ्रांस की राजधानी में चल रहे पेरिस ओलंपिक में भारत के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली मनु भाकर से एक पदक की उम्मीद जग गई है। 10 मी. एयर पिस्टल मिक्स्ड इवेंट में भारतीय टीम ब्रॉन्ज मेडल मुकाबला खेलेगी। इस इवेंट में मनु भाकर और सरबजोत सिंह की टीम तीसरी पोजिशन पर रही। अब उसका मुकाबला चौथी पोजिशन पर रही कोरिया से होगा।
वहीं भारतीय निशानेबाज रमिता जिंदल सोमवार को पेरिस ओलंपिक में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल फाइनल में सातवें स्थान पर रहीं।
वह एलिमिनेशन के लिए फ्रांस की ओसेन मुलर के साथ शूट-ऑफ में शामिल थीं और 10.5 अंकों के साथ बाहर हो गईं, जबकि फ्रांसीसी शूटर 10.8 अंक ही बना पाईं। फाइनल के बाद भारतीय शूटर का कुल स्कोर 145.3 रहा।
रमिता पहले नौ शॉट के बाद तीसरे स्थान पर थीं, लेकिन 10वें शॉट में वह मात्र 9.7 अंक ही बना पाईं, जिससे वह सातवें स्थान पर खिसक गईं। लेकिन उन्होंने 10.4 और 10.5 के शॉट के साथ पहले एलिमिनेशन को टालने के लिए घबराहट से लड़ाई लड़ी।
अगले कुछ शॉट में, उन्होंने 10.2 के समान स्कोर बनाए और मुलर के साथ बराबरी पर रहीं, लेकिन बाद में शूट-ऑफ में मुलर ने जीत हासिल की।




