नई दिल्ली। श्रीलंका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को पहली बार भारतीय सीनियर टेस्ट टीम में शामिल किया गया है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोमवार यह जानकारी दी। बीसीसीआई के अनुसार, बुमराह इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान लगी बाएं घुटने की चोट से अभी पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। इसी वजह से उन्हें श्रीलंका दौरे के लिए उपलब्ध नहीं माना गया और चयन समिति ने उनके स्थान पर आकिब नबी को मौका दिया।
आकिब नबी के लिए यह भारतीय सीनियर टीम में पहला चयन है। जम्मू-कश्मीर के इस युवा तेज गेंदबाज ने पिछले दो रणजी ट्रॉफी सत्रों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 104 विकेट अपने नाम किए हैं। इनमें 2025-26 रणजी ट्रॉफी सीजन में 60 विकेट शामिल हैं। उनके बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने अपने इतिहास में पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीता।
हाल ही में आकिब नबी भारत-ए टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर भी गए थे, जहां उन्होंने दो प्रथम श्रेणी मुकाबलों में छह विकेट लेकर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। (हि.स.)
Read More: टीम इंडिया को झटका, बुमराह श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर , आकिब नबी को मिला मौका




