img

टोक्यो। जापान के इशिकावा प्रांत में सोमवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। जापानी मीडिया के मुताबिक रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 7.4 दर्ज की गई। प्रशासन ने सुनामी का अलर्ट जारी किया है।

जापानी मीडिया NHK के हवाले से सोमवार को बताया गया कि जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने इशिकावा, निगाटा और टोयामा प्रान्त के पश्चिमी तटीय क्षेत्रों में सुनामी की चेतावनी जारी की है। एजेंसी के मुताबिक़ करीब पांच मीटर तक ऊंची सुनामी इशिकावा प्रान्त में नोटो तक पहुंच रही है। अमेरिकी एजेंसी के मुताबिक भूकंप केंद्र के 300 किमी के दायरे में जापान तट पर खतरनाक सुनामी की लहरें उठने की संभावना है।

एनएचके की रिपोर्ट के अनुसार इशिकावा प्रान्त में वाजिमा शहर के तट पर एक मीटर से अधिक ऊंची लहरें उठीं। होकुरिकु इलेक्ट्रिक पावर ने कहा कि वह अपने परमाणु ऊर्जा संयंत्रों में किसी भी अनियमितता की जांच कर रहा है। जापान के इशिकावा प्रान्त में स्थानीय स्टेशन से जारी वीडियो में बड़े भूकंप के बीच बेहद शक्तिशाली झटके देखे जा सकते हैं।

रूस ने पश्चिमी तट के कुछ हिस्सों के लिए सुनामी के खतरे की घोषणा की है और निवासियों से जापान में बड़े भूकंप के बाद ऊंचे स्थानों पर चले जाने का आग्रह किया है।

कंसाई इलेक्ट्रिक पावर के एक प्रवक्ता ने बताया कि उसके परमाणु ऊर्जा संयंत्रों में फिलहाल कोई असामान्यता नहीं है लेकिन कंपनी स्थिति पर करीब से नजर रख रही है।
 

बता दें कि हर साल दुनिया में कई भूकंप आते हैं, लेकिन इनकी तीव्रता कम होती है। नेशनल अर्थक्वेक इंफोर्मेशन सेंटर हर साल करीब 20,000 भूकंप रिकॉर्ड करता है। इसमें से 100 भूकंप ऐसे होते हैं जिनसे नुकसान ज्यादा होता है। भूकंप कुछ सेकेंड या कुछ मिनट तक रहता है। अब तक के इतिहास में सबसे ज्यादा देर तक रहने वाला भूकंप 2004 में हिंद महासागर में आया था। यह भूकंप 10 मिनट तक रहा था।


Read More: अमेरिका और ईरान के बीच जंग खत्म , शांति समझौते पर ट्रंप और पेजेशकियन ने किए साइन