मेलबॉर्न। Melbourne Test: भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबॉर्न के एमसीजी के मैदान में चल रही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (Border-Gavaskar Trophy) का चौथा टेस्ट 184 रन से हार गई है। पांचवें दिन 340 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही भारतीय टीम मात्र 155 रनों पर सिमट गई। भारत की तरफ से केवल यशस्वी जयसवाल ने ही कुछ संघर्ष किया। उन्होंने 84 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। यशस्वी के अलावा ऋषभ पंत ने 30 रन बनाए। इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को छू नहीं सका।
340 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को यशस्वी और रोहित शर्मा ने सधी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 25 रन जोड़े। हालांकि इसी स्कोर पर पैट कमिंस ने एक ही ओवर में रोहित शर्मा और केएल राहुल को आउट कर भारत की मुश्किलें बढ़ा दीं। विराट कोहली एक बार फिर असफल रहे और 5 रन बनाकर 33 के कुल स्कोर पर मिचेल स्टॉर्क का शिकार बने।
यशस्वी-पंत ने संभाली भारत की पारी
यहां से यशस्वी जयसवाल और ऋषभ पंत ने चौथे विकेट के लिए 88 रनों की साझेदारी कर भारत को मैच में लाने की कोशिश की, लेकिन लंच के बाद 121 के कुल स्कोर पर पंत एक बार फिर ट्रैविस हेड की गेंद पर गैर जिम्मेदाराना शॉट खेलकर चलते बने। पंत ने 30 रन बनाए। पंत के आउट होने के बाद रवींद्र जडेजा (02) पहली पारी के शतकवीर नीतीश रेड्डी (01) भी जल्दी-जल्दी आउट हो गए।
यशस्वी जयसवाल विवादास्पद तरीके से आउट
दो विकेट जल्दी-जल्दी गिरने के बाद सभी की उम्मीदें वाशिंगटन सुंदर और यशस्वी से थी, लेकिन पैट कमिंस की गेंद को हुक शॉट खेलने के चक्कर में यशस्वी भी आउट हो गए, हालांकि स्निकोमीटर में कोई हलचल नहीं थी, लेकिन वीडियो फुटेज में गेंद दस्ताने को छुकर जाती हुई दिखा रही थी, थर्ड अंपायर ने स्निकोमीटर को दरकिनार कर यशस्वी को आउट करार दिया।
उस समय कमेंट्री कर रहे पूर्व दिग्गज भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने इस निर्णय का कड़ा विरोध भी किया। यशस्वी के आउट होने के बाद भारतीय पारी बिखर गई और 155 रन पर सिमट गई। वाशिंगटन सुंदर एक छोर पर 5 रन बनाकर खड़े रहे।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से पैट कमिंस और स्कॉट बोलैंड ने 3-3, नाथन लियोन ने 2, मिचेल स्टॉर्क और ट्रैविस हेड ने 1 विकेट लिया।
इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम का विश्व टेस्ट चैम्पयनशिप फाइनल्स के फाइनल में जाना लगभग तय हो गया है, वहीं भारतीय टीम की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने दिया था 340 रनों का लक्ष्य
इससे पहले आज ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी आज 234 रनों पर समाप्त हुई। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहली पारी में 105 रनों की हासिल की थी, जिससे उसकी कुल बढ़त 339 रनों की हुई और भारत को 340 का लक्ष्य मिला।
दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया के लिए मार्नस लाबुशेन ने बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 70 रन बनाए। लाबुशेन के अलावा पैट कमिंस और नाथन लियोन ने 4-41 रन बनाए। ऑस्ट्रेलियाई पारी का मुख्य आकर्षण लियोन और बोलैंड के बीच आखिरी विकेट के लिए 61 रनों की साझादारी रही, जिसमें बोलैंड के नाबाद 15 रन शामिल थे।
Read More: IPL 2026: विराट कोहली के सिर सजी ऑरेंज कैप, जीटी के खिलाफ ताबड़तोड़ 81 रन जड़े




