img

लखनऊ। इंडियन प्रीमियर लीग आईपीएल से पहले लखनऊ सुपर जाइंट्स (LSG) की टीम गुरुवार को अयोध्या पहुंची और रामलला के दर्शन किए। टीम करीब 10:45 बजे अयोध्या के राम मंदिर पहुंची। रामलला के दर्शन करने के बाद 24 मार्च को जयपुर में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ LSG पहला मैच खेलेगी।

कोच जस्टिन लैंगर ने कहा, LSG की टीम अयोध्या की आध्यात्मिक यात्रा से बेहद उत्साहित हैं। रामलला से जो आशीर्वाद और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त की है, वह उन्हें आगामी सीजन में सफलता की ओर ले जाएगी।

साउथ अफ्रीका के स्पिनर केशव महाराज ने कहा, "राम मंदिर में प्रवेश करते समय अपार ऊर्जा का अनुभव हुआ। मैं बहुत भाग्यशाली हूं। भगवान राम का प्रबल भक्त होने के नाते उनके जन्म स्थान पर जाना और उनका आशीर्वाद लेना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।"

स्पिन गेंदबाज रवि बिश्नोई ने कहा, "टीम के साथियों के साथ अयोध्या में राम मंदिर जाना मेरे लिए अद्भुत रहा। रामलला के दर्शन एक जादुई अनुभव था।"

जोंटी रोड्स के नेतृत्व में आयोजित इस आध्यात्मिक यात्रा में टीम के सहायक कोच एस श्रीराम, खिलाड़ी यश ठाकुर, प्रेरक मांकड़, मयंक यादव, रवि बिश्नोई, दीपक हूडा शामिल रहे।


Read More: FIFA World Cup 2026: मेक्सिको ने इक्वाडोर को हराकर रचा इतिहास, फ्रांस और नॉर्वे प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे