img

कोलकाता। KKR vs DC Match: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2024) में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ मैच के दौरान कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के सलामी बल्लेबाज फिलिप साल्ट (Philip Salt) ने पूर्व फ्रेंचाइजी कप्तान सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) के 14 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।

27 वर्षीय इंग्लिश ओपनर फिलिप  साल्ट (Philip Salt) ने एक बार फिर विपक्षी गेंदबाजों की धज्जियाँ उड़ाते हुए 33 गेंदों पर 7 चौके और 5 छक्के की बदौलत 68 रनों की तेज पारी खेली। इसी के साथ उन्होंने मौजूदा सत्र में ईडन गार्डन्स स्टेडियम में छह पारियों में कुल 344 रन बना लिये हैं और आईपीएल के एक सत्र में ईडन गार्डन्स पर सबसे ज़्यादा रन बनाने के गांगुली के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।

अब साल्ट के नाम ईडन गार्डन्स पर एक सत्र में सबसे ज़्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है। उनसे पहले 2010 में, अनुभवी बाएं हाथ के बल्लेबाज गांगुली ने ईडन गार्डन्स पर सात पारियों में 331 रन बनाए थे और 14 साल तक यह रिकॉर्ड अपने नाम रखा था।

2019 में केकेआर के स्टार ऑलराउंडर आंद्रे रसेल गांगुली के रिकॉर्ड के करीब पहुंचे, जब उन्होंने 7 पारियों में 311 रन बनाए।

कुल मिलाकर आईपीएल 2024 में साल्ट ने अब तक 9 मैचों की 9 पारियों में 89 के सर्वाधिक स्कोर के साथ 392 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 180.64 और औसत 49 का रहा है।

मैच की बात करें तो इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि उनका यह फैसला गलत साबित हुआ औऱ दिल्ली की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 153 रन ही बना सकी। दिल्ली के लिए कुलदीप यादव ने सर्वाधिक नाबाद 35 रन बनाए। कुलदीप के अलावा पंत ने 27 रन बनाए।

 

 


Read More: ड्रेसिंग रूम में "धुआं" उड़ाई दिखे रियान पराग, ई-सिगरेट पीते कैमरे में कैद हुए RR के कप्तान, BCCI कार्रवाई कर सकता है