नई दिल्ली। IPL 2023 NEWS: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2023 ) के प्लेऑफ में पहुंचे की जंग तेज हो गई है। इस बीच एक ऐसी खबर आ रही है जो शायद गुजरात टाइटंस (GT) को अच्छी न लगे। गुजरात टाइटंस (GT) के प्रमुख तेज गेंदबाज जोश लिटिल (josh little) जयपुर में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच के बाद स्वदेश लौटेंगे। बांग्लादेश के खिलाफ नौ मई से शुरू होने वाली तीन मैचों की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए आयरलैंड की टीम में लिटिल को नामित किया गया है।
क्रिकेट-गुजरात टाइटन्स के निदेशक विक्रम सोलंकी ने कहा, “हम जोश को शुभकामनाएं देते हैं क्योंकि वह एकदिवसीय मैचों में आयरलैंड का प्रतिनिधित्व करने के लिए वापस जा रहे हैं। उन्होंने अपनी पहली टाटा इंडियन प्रीमियर लीग में अच्छा प्रदर्शन किया है और एक बार जब वह एकदिवसीय श्रृंखला समाप्त कर लेंगे तो हम उनका स्वागत करने के लिए उत्सुक होंगे।”
लिटिल 14 मई को बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे के बाद गुजरात टाइटन्स में शामिल होने के लिए भारत वापस आएंगे।
बता दें कि गुजरात टाइंटस की टीम वर्तमान में 14 अंकों के साथ आईपीएल अंकतालिका में शीर्ष पर है। गुजरात ने अब तक 10 मैच खेले हैं और सात जीते हैं और तीन मे टीम को हार मिली है।




