img

नई दिल्ली। भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन मंगलवार से कैलगरी में शुरू हो रहे कनाडा ओपन 2023 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे।

ताइपे ओपन 2023 से चूकने के बाद सिंधु टूर्नामेंट में नए सिरे से शुरुआत करेंगी। 12वीं रैंकिंग वाली सिंधु पिछले तीन बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर इवेंट में छाप छोड़ने में नाकाम रही हैं और दूसरे राउंड से आगे नहीं बढ़ पाईं हैं। पूर्व विश्व चैंपियन सिंगापुर ओपन और थाईलैंड ओपन के पहले दौर में बाहर हुईं थीं। इसके बाद वह इंडोनेशिया ओपन के प्री क्वार्टरफाइनल में हारीं थीं।

इस सीज़न में सिंधु केवल एक बार मैड्रिड मास्टर्स 2023 के फाइनल में पहुंचीं। सिंधु ने मलेशिया मास्टर्स के सेमीफाइनल में भी जगह बनाई। 27 वर्षीया अपने महिला एकल अभियान की शुरुआत कनाडा की विश्व नंबर 61 तालिया एनजी के खिलाफ करेंगी।

सिंधु के अलावा, तस्नीम मीर और गड्डे रुथविका शिवानी भारत की अन्य खिलाड़ी हैं जो महिला एकल मुख्य ड्रॉ में भाग लेंगी। तस्नीम ने अपने अभियान की शुरुआत वियतनाम की थुय लिन्ह गुयेन के खिलाफ करेंगी, जबकि रूथविका शिवानी अपने शुरुआती गेम में थाईलैंड की सुपानिडा काटेथोंग से भिड़ेंगी। राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन लक्ष्य सेन भी इस साल पहले दौर में बाहर होने के कारण शीर्ष 10 से बाहर हो गए हैं।

19वीं रैंकिंग वाले सेन की राह कठिन है क्योंकि उन्हें शुरुआती दौर में थाईलैंड के दूसरे वरीय कुनलावुत विटिडसार्न से मुकाबला करना है। थाई शटलर पिछले साल टोक्यो में विश्व चैम्पियनशिप के रजत पदक विजेता और तीन बार के जूनियर विश्व चैंपियन हैं।

पुरुष युगल में, भारतीय चुनौती का नेतृत्व कृष्णा प्रसाद गरागा और विष्णुवर्धन पंजाला करेंगे, जो अपने अभियान की शुरुआत फ्रांस के जूलियन माओ और विलियम विलेगर के खिलाफ करेंगे। भारतीय जोड़ी को पिछले महीने ताइपे ओपन सुपर 300 इवेंट के पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा था।
 


Read More: FIFA World Cup 2026: मेक्सिको ने इक्वाडोर को हराकर रचा इतिहास, फ्रांस और नॉर्वे प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे