img

बाराबंकी। बारिश के चलते उत्तर प्रदेश में नदियां उफान पर है। बाराबंकी में सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से तलहटी में बसे गांवों में पानी भर गया है।ऐसे में किसी के घर में शादी है तो किसी के घर में कोई दूसरा आयोजन है। लेकिन बाढ़ के चलते लोग तरह तरह के जतन कर रहे हैं। अनोखी शादी का यह मामला बाराबंकी जिले के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र का है।

सूरतगंज ब्लॉक के सैलक गांव से राघवराम की बारात आनी थी। लेकिन गांव को जाने के लिए रास्ता नहीं था। सड़क मार्ग न होने पर दूल्हा राघवराम दुल्हनिया लेने के लिए डीजे, बाजा और बराती लेकर नाव से निकल पड़ा। वह नाव से बारात लेकर शादी करने के लिए लड़की के गांव पहुंच गया। नाव सवार दूल्हे को देखने के लिए गांव के लोगों की भीड़ जुट गई। क्षेत्र में नाव सवार बारातियों की खूब चर्चा हो रही है।

इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बता दें कि सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान 106.70 से 47 सेंटीमीटर ऊपर है। हालांकि, मंगलवार रात से जलस्तर घट रहा है। नेपाल के गिरजा व शारदा बैराज से मंगलवार को चार लाख तीस हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। जिससे सरयू नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया। इससे नदी के किनारे बसे गांव में पानी भर गया है। लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर अपना ठिकाना बनाया है।


Read More: सपा के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र चौधरी की तबीयत बिगड़ी, लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती