कीव । रूस ने बैलिस्टिक मिसाइलों से यूक्रेन की राजधानी कीव पर आधी रात बाद हमला किया। रूसी हमले आज तड़के तक जारी रहे। देश की वायुसेना ने यह जानकारी दी। यह हमला तुर्किये में होने वाले उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) शिखर सम्मेलन से ठीक पहले हुआ। इसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हिस्सा लेने की संभावना है। रूस ने एक हफ्ते में यूक्रेन पर 2,200 ड्रोन और 1,730 गाइडेड बमों से हमला किया है।
द कीव इंडिपेंडेंट, कीव पोस्ट और सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, राजधानी कीव के केंद्र में तड़के शक्तिशाली विस्फोट हुए। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने टेलीग्राम पर कहा कि रूस ने ड्रोन और क्रूज मिसाइलों से हमला किया है। हमले में कम से कम तीन लोग घायल हुए हैं और राजधानी के कम से कम दो इलाकों में आग लगने या मलबे से नुकसान की खबर है। क्लिट्स्को ने कहा कि पोडिल्स्की जिले में एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। उसमें लोग फंसे हुए हैं।
हमले से कुछ देर पहले ही पूरे शहर में हवाई हमले के सायरन बजाए गए। इससे पहले रविवार को दिन में राष्ट्रपति जेलेंस्की ने चेतावनी जारी की थी कि खुफिया जानकारी से संकेत मिलता है कि रूस नए बड़े हमले की तैयारी कर रहा है। पिछले गुरुवार को रूस ने कीव पर जबरदस्त हमला किया था। इस हमले में कम से कम 30 लोग मारे गए थे। तुर्किये के अंकारा में मंगलवार को शुरू होने वाले नाटो शिखर सम्मेलन में रूस-यूक्रेन युद्ध मुख्य मुद्दा होगा।
जेलेंस्की ने एक्स पर लिखा, " यह पुतिन का तरीका है। अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस के ठीक बाद और अंकारा में नाटो शिखर सम्मेलन से पहले रूस तबाही मचाना चाहता है। इस बीच, यूक्रेन ने भी रूसी क्षेत्र के भीतर तेल रिफाइनरियों, बंदरगाहों और सैन्य कारखानों जैसे अहम बुनियादी ढांचों को निशाना बनाते हुए मिसाइल और ड्रोन हमले बढ़ा दिए हैं।
जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन को सिर्फ एक हफ्ते में लगभग रूसे के 2,200 ड्रोन, 1,730 से ज्यादा गाइडेड एरियल बम और 106 मिसाइलों का सामना करना पड़ा। जेलेंस्की ने माना कि यूक्रेन के पास एंटी-बैलिस्टिक क्षमता की भारी कमी है।
Read More: तुर्किये में नाटो की मीटिंग से रूस का यूक्रेन पर बड़ा हमला, राजधानी कीव पर बैलिस्टिक मिसाइले दागी




