हांगझू। Asian Games 2023: 19वें एशियन गेम्स के तीसरे दिन हांगझू में भारत ने इतिहास रच दिया। घुड़सवारी टीम ने 41 साल बाद गोल्ड मेडल जीत कर देश का नाम रोशन कर दिया। सुदिप्ती हजेला, दिव्यकृति सिंह, हृदय छेड़ा और अनुष अगरवल्ला की जोड़ी ने यह कमाल कर दिखाया । इससे पहले देश को 1982 में घुड़सवारी का गोल्ड मिला था।
इससे पहले नौकायन में भारत ने तीन पदक जीते, जिसमें एक रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं। आज सबसे पहले नौकायन में भारत को पहला पदक 17 वर्षीय नेहा ठाकुर ने दिलाया। नेहा ने 19वें एशियाई खेलों में नौकायन में लड़कियों की डिंगी- आईएलसीए 4 श्रेणी में रजत पदक जीता। इसके बाद विष्णु सरवनन ने पुरुषों की डिंगी– आईएलसीएव7 स्पर्धा में 34 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता।
नौकायन में भारत को तीसरा पदक इबाद अली ने दिलाया। इबाद ने पुरुषों की विंडसर्फर आरएस:एक्स स्पर्धा में 52 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता। थाईलैंड के नत्थाफोंग फोनोपराट ने 29 के स्कोर साथ रजत और दक्षिण कोरिया के चो वोनवू ने 13 के स्कोर साथ स्वर्ण पदक जीता।




