img

तेल अवीव। हमास चीफ याह्या सिनवार मारा गया। सिनवार इजराइल पर 7 अक्टूबर 2023 को किए गए हमले का मास्टरमाइंड था। इजराइल के PM बेंजामिन नेतन्याहू और विदेश मंत्री इजराइल काट्ज ने गुरुवार रात को सिनवार की मौत की पुष्टि की। नेतन्याहू ने वीडियो मैसेज में कहा- "हमने हिसाब चुकता कर दिया, लेकिन जंग अभी जारी है।"

दरअसल इजराइल डिफेंस फोर्सेस (IDF) ने 16 अक्टूबर को रूटीन ऑपरेशन में सेंट्रल गाजा की एक इमारत पर हमला किया था। इसमें हमास के 3 सदस्यों के मारे जाने की खबर आई। बाद में पता चला कि इनमें से एक याह्या सिनवार है।

सोशल मीडिया पर इसके फोटो वायरल हुए। इसमें उसके चेहरे, दांत और घड़ी से दावा किया गया कि मारा गया शख्स याह्या सिनवार है।

दरअसल, इजराइल और हमास की जंग की वजह 7 अक्टूबर हमला था, इसमें 1200 इजराइली नागरिक मारे गए थे। तब से दोनों के बीच जंग जारी है।

 अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने याह्या सिनवार की मौत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह पूरी दुनिया के लिए एक अच्छा दिन है। उन्होंने कहा कि डीएनए परीक्षण से पुष्टि हुई है कि सिनवार मारा गया है। यह इजराइल और अमेरिका के साथ पूरी दुनिया के लिए एक अच्छा दिन है। यह इजराइली बंधकों की रिहाई के लिए एक अच्छा अवसर है। इससे एक साल से जारी गाजा युद्ध समाप्त हो जाएगा।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति और डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कमला हैरिस ने भी कहा है कि हजारों निर्दोष लोगों की हत्या के लिए जिम्मेदार हमास नेता याह्या की मौत की वजह से अमेरिका, इसराइल और पूरी दुनिया बेहतर स्थिति में है। यह गजा में हो रहे युद्ध को खत्म करने का एक मौका है।
 


Read More: पाकिस्तान में होने वाली वार्ता में फंसा पेंच, ईरानी विदेश मंत्री अराघची बोले-अमेरिका से बातचीत की योजना नहीं