अहमदाबाद। बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी (Ahmedabad Test Match )के तहत यहां के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे चौथे और आखिरी टेस्ट मैच के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया ने सधी शुरुआत की है। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहले दिन लंच तक 2 विकेट पर 75 रन बना लिए हैं। सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा 27 और कप्तान स्टीव स्मिथ 2 रन बनाकर नाबाद हैं।
इससे पहले इस मैच में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलियाई प्रधान मंत्री एंथनी अल्बनीस की उपस्थिति में, स्टीव स्मिथ ने टॉस जीता और बल्लेबाजी करने का विकल्प चुना।
ट्रैविस हेड और उस्मान ख्वाजा ने ऑस्ट्रेलियाई टीम को सधी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 61 रन जोड़े। 61 के कुल स्कोर पर पर रविचंद्रन अश्विन ने हेड को रवींद्र जडेजा के हाथों कैच कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई। हेड ने 44 गेदों में 7 चौकों की बदौलत 32 रन बनाए। मोहम्मद शमी ने इसके बाद 72 के कुल स्कोर पर मार्नस लाबुशेन को बोल्ड कर ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका दिया। लाबुशेन केवल 3 रन ही बना सके। इसके बाद ख्वाजा और स्मिथ ने कोई और नुकसान नहीं होने दिया। भारत की तरफ से मोहम्मद शमी और रविचंद्रन अश्विन ने 1-1 विकेट लिया।
प्रधानमंत्री मोदी और एंथनी अल्बनीस ने रोहित शर्मा और स्टीव स्मिथ को भेंट की कैप
इससे पहले आज सुबह टॉस से पहले, दोनों कप्तानों रोहित शर्मा और स्मिथ ने अपने-अपने प्रधानमंत्रियों, नरेंद्र मोदी और एंथनी अल्बनीस से टेस्ट कैप प्राप्त की।
बीसीसीआई के अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधान मंत्री अल्बनीस को सम्मानित किया, जबकि सचिव जय शाह ने पीएम मोदी को सम्मानित किया।
मोदी और अल्बनीस ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दोस्ती के 75 साल पूरे होने के मौके पर मैदान में लैप ऑफ ऑनर भी किया।
इसके बाद मोदी और अल्बनीस ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच यादगार पलों की कुछ तस्वीरें देखीं और रवि शास्त्री ने उन्हें दोनों टीमों के बीच खेले गए कुछ महत्वपूर्ण मैचों की तस्वीरें समझाईं।
इसके बाद मोदी और अल्बनीस दोनों कप्तानों के साथ मैदान पर गए, जहां खिलाड़ियों से उनका परिचय कराया गया।




