img

शारजाह । अफगानिस्तान ने पहले T20 मैच में पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी है। इस जीत में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के साथ साथ मोहम्मद नबी को ताबड़तोड़ 38 रनों की पारी का भी अहम योगदान रहा। इसके साथ ही अफगानिस्तान ने  तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।

दोनों टीमों के बीच 11 साल के बाद यह पहला मुकाबला था और पाकिस्तान की टीम शुक्रवार रात नियमित कप्तान बाबर आजम सहित कई सितारों के बिना खेल रही थी।

नबी ने नजीबुल्लाह जादरान (नाबाद 17 ) के साथ 53 रन की अविजित साझेदारी की। अफगानिस्तान ने 17.5 ओवर में चार विकेट पर 98 रन बनाकर जीत अपने नाम की। पाकिस्तान ने इससे पहले 20 ओवर में नौ विकेट पर 92 रन बनाये थे।

अफगानिस्तान ने टॉस हारने और गेंदबाजी के लिए आमंत्रित किये जाने के बाद लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया। पाकिस्तान ने नियमित अंतराल में अपने विकेट गंवाए जिससे उसकी पारी कभी परवान नहीं चढ़ सकी।

फजलहक फारूकी, मुजीब उर रहमान और नबी ने दो-दो विकेट लिए और अपने 11 ओवरों में कुल 34 रन खर्च किये।

लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान एक समय 45 रन पर चार विकेट गंवा कर संकट में था लेकिन नबी ने धैर्य के साथ खेलते हुए नजीबुल्लाह जादरान के साथ अविजित साझेदारी कर अफगानिस्तान को आसान जीत की मंजिल पर पहुंचा दिया।

पाकिस्तान 27 मार्च को होने वाले दूसरे मैच में वापसी की कोशिश करेगा जबकि अफगानिस्तान की नजरें ऐतिहासिक सीरीज जीत पर होंगी।


Read More: FIFA World Cup 2026: मेक्सिको ने इक्वाडोर को हराकर रचा इतिहास, फ्रांस और नॉर्वे प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे