img

नई दिल्ली। महिला फुटबॉल को वैश्विक स्तर पर और बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए फीफा ने शुक्रवार को घोषणा की कि 2031 से महिला विश्व कप में अब 32 के बजाय 48 टीमें हिस्सा लेंगी। फीफा परिषद ने वर्चुअल बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी।

फीफा के अनुसार, 48 टीमों के इस नए फॉर्मेट में 12 ग्रुप बनाए जाएंगे और कुल मैचों की संख्या बढ़कर 104 हो जाएगी, जो पुरुष विश्व कप 2026 के समान है। टूर्नामेंट की अवधि भी एक सप्ताह तक बढ़ा दी जाएगी। फिलहाल 2027 महिला विश्व कप ब्राजील में आयोजित होगा, जिसमें 32 टीमें भाग लेंगी। 2023 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में हुए विश्व कप में पहली बार 32 टीमों ने हिस्सा लिया था।

फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैन्टिनो ने कहा, "यह सिर्फ 16 अतिरिक्त टीमों को जोड़ने की बात नहीं है, बल्कि महिला फुटबॉल के समग्र विकास की दिशा में अगला कदम है। इससे अधिक फीफा सदस्य देशों को महिला फुटबॉल के ढांचे को विकसित करने का अवसर मिलेगा।"

इंसेट

अमेरिका बन सकता है मेज़बान

बताया जा रहा है कि अमेरिका 2031 महिला विश्व कप की मेज़बानी के लिए एकमात्र बोलीदाता है। अगर इसकी पुष्टि होती है तो यह तीसरी बार होगा जब अमेरिका इस टूर्नामेंट की मेज़बानी करेगा। इससे पहले वह 1999 और 2003 में यह कर चुका है। वहीं, 2035 विश्व कप की मेज़बानी के लिए अकेले यूनाइटेड किंगडम ने बोली लगाई है। हालांकि दोनों टूर्नामेंट की मेज़बानी पर अंतिम फैसला अभी नहीं हुआ है।

 


Read More: एशियन बैडमिंटन चैंपियनशिप : भारत के आयुष पार नहीं कर पाए चीन की दीवार, सिल्वर मेडल जीता