img

लंदन। चेक गणराज्य की कैटेरीना सिनियाकोवा और नीदरलैंड्स के सेम वर्बीक ने गुरुवार (स्थानीय समयानुसार)को विंबलडन 2025 का मिक्स्ड डबल्स खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में उन्होंने ब्रिटेन के जो सालिसबरी और ब्राज़ील की लुइसा स्टेफनी को सीधे सेटों में 7-6(3), 7-6(3) से हराया।

सेंटर कोर्ट पर घरेलू खिलाड़ी सालिसबरी और उनकी जोड़ीदार स्टेफनी के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में चेक-डच जोड़ी ने संयम और आत्मविश्वास का परिचय दिया। दूसरे सेट में स्टेफनी को पैर में परेशानी भी नजर आई, जिसका असर उनकी मूवमेंट पर पड़ा।

जीत का आखिरी बिंदु कैटेरीना सिनियाकोवा के ओवरहेड स्मैश के साथ आया, जिसके बाद दोनों खिलाड़ियों ने खिताबी जीत का जश्न मनाया। यह दोनों की एक साथ पहली खिताबी जीत है। जहां सिनियाकोवा का यह पहला मिक्स्ड डबल्स ग्रैंड स्लैम खिताब है, वहीं 31 वर्षीय वर्बीक के करियर का यह पहला ग्रैंड स्लैम खिताब है।

खिताब जीतने के बाद 29 वर्षीय सिनियाकोवा ने कहा, “यह बहुत खास है। इस टूर्नामेंट में खेलकर और जीतकर बहुत मज़ा आया। यह एक शानदार अनुभव था।”

गौरतलब है कि सिनियाकोवा के नाम अब कुल 11 ग्रैंड स्लैम डबल्स खिताब हो गए हैं, जिनमें इस साल जनवरी में टेलर टाउन्सेंड के साथ जीता गया ऑस्ट्रेलियन ओपन महिला युगल खिताब भी शामिल है। (हि.स.)


Read More: FIFA World Cup 2026: मेक्सिको ने इक्वाडोर को हराकर रचा इतिहास, फ्रांस और नॉर्वे प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे