वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए क्रिप्टो एक्सचेंज के संस्थापक चांगपेंग झाओ को क्षमा कर दिया। उन्होंने इस आशय के दस्तावेज पर हस्ताक्षर कर झाओ को बड़ी राहत प्रदान की। यह जानकारी व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने दी।
एनबीसी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बयान में कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को झाओ को क्षमा करते हुए क्षमादान संबंधी दस्तावेज पर हस्ताक्षर कर दिए। लेविट ने कहा, "राष्ट्रपति ने इसके लिए अपने संवैधानिक अधिकार का प्रयोग किया। झाओ पर बाइडेन प्रशासन ने क्रिप्टो करेंसी के खिलाफ अपने अभियान में मुकदमा चलाया था।"
उन्होंने कहा, " बाइडेन प्रशासन ने क्रिप्टो करेंसी उद्योग को दंडित करने की अपनी जिद के कारण किसी भी साक्ष्य के बिना झाओ पर मुकदमा चलाया।"
बताया गया है कि उस समय झाओ को चार महीने जेल की सजा सुनाई गई। उन्होंने न्याय विभाग के साथ एक समझौता किया। उन्हें बिनांस में मनी लॉन्ड्रिंग को बढ़ावा देने का दोषी ठहराया गया था। संयुक्त राज्य अमेरिका ने बिनांस को 4 अरब डॉलर से ज्यादा का जुर्माना भरने भी आदेश दिया, जबकि झाओ 5 करोड़ डॉलर का जुर्माना भरने पर सहमत हुए।
ट्रंप से क्षमादान मिलने के कारण झाओ को बिनांस में सीधा नियंत्रण फिर से हासिल हो गया है। झाओ ने एक्स पर लिखा, "क्षमादान, निष्पक्षता, नवाचार और न्याय के प्रति अमेरिका की प्रतिबद्धता को बनाए रखने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का मैं बहुत आभारी हूं। अब हम अमेरिका को क्रिप्टो की राजधानी बनाने और दुनिया भर में वेब3 को आगे बढ़ाने में मदद करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।" (हि.स.)
Read More: बांग्लादेश में हिंसा, उपद्रवियों ने वाहन फूंके, राजधानी ढाका छावनी में तब्दील




