img

कैलिफोर्निया। भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुंभाशु शुक्ला के धरती पर लौटने का इंतजार खत्म हुआ। एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में 18 दिनों तक रहने के बाद शुभांशु शुक्ला अपने तीन साथियों के साथ सकुशल लौट आए। उनका स्पेसक्राफ्ट कैलिफोर्निया के समुद्र तट पर उतरा।

करीब 23 घंटे के सफर के बाद स्पेसक्राफ्ट आज दोपहर 3 बजे कैलिफोर्निया के समुद्र में उतरा। चारों अंतरिक्ष यात्री एक दिन पहले शाम 4:45 बजे अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) से पृथ्वी के लिए रवाना हुए थे। अब धरती पर लौटने के बाद पूरी टीम को चिकित्सकों की निगरानी में रखा जाएगा। शुभांशु शुक्ला के साथ लौटने वाले अतरिक्ष यात्रियों में कमांडर पैगी व्हिट्सन, मिशन विशेषज्ञ पोलैंड के स्लावोज़ उज्नान्स्की-विस्नीव्स्की और हंगरी के टिबोर कापू शामिल हैं।

सभी अंतरिक्ष यात्री 26 जून को भारतीय समयानुसार शाम 4:01 बजे आईएसएस पहुंचे थे। एक्सिओम-4 मिशन के तहत 25 जून को दोपहर करीब 12 बजे ये रवाना हुए थे। स्पेसएक्स के फाल्कन-9 रॉकेट से जुड़े ड्रैगन कैप्सूल में इन्होंने कैनेडी स्पेस सेंटर से उड़ान भरी थी।

बता दें कि शुभांशु ने मिशन के दौरान 60 से ज्यादा वैज्ञानिक प्रयोगों में हिस्सा लिया। इनमें भारत के सात प्रयोग शामिल थे। उन्होंने मेथी और मूंग के बीजों को अंतरिक्ष में उगाया। स्पेस माइक्रोएल्गी' प्रयोग में भी हिस्सा लिया। अंतरिक्ष में हड्डियों की सेहत पर भी प्रयोग किए। 

शुभांशु इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर जाने वाले पहले और स्पेस में जाने वाले दूसरे भारतीय हैं। इससे 41 साल पहले राकेश शर्मा ने 1984 में सोवियत यूनियन के स्पेसक्राफ्ट से अंतरिक्ष यात्रा की थी। (हि.स.)


Read More: ईरान की मिसाइलों से दहला इजराइल का तेल अवीव और एलात शहर, मची तबाही