नई दिल्ली। पेरिस ओलंपिक में डबल पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर, हॉकी कप्तान हरमनप्रीत सिंह, विश्व शतरंज चैंपियन डी. गुकेश और पैरा-हाई जम्पर प्रवीण कुमार को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित जाएगा।
युवा मामले और खेल मंत्रालय (एमवाईएएस) ने गुरुवार को उक्त घोषणा की। पुरस्कार के लिए आवेदन करने में त्रुटि के कारण शुरुआत में मनु को खेल रत्न जीतने की दौड़ में शामिल एथलीटों की सूची से बाहर कर दिया गया था।
22 वर्षीय भाकर अगस्त में 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत और 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर ओलंपिक के एक ही संस्करण में दो पदक जीतने वाली स्वतंत्र भारत की पहली एथलीट बन गईं।
इन्हीं खेलों में, हमरनप्रीत ने भारतीय हॉकी टीम को लगातार दूसरा कांस्य पदक दिलाया। दूसरी ओर, 18 वर्षीय गुकेश सबसे कम उम्र के विश्व चैंपियन बने, साथ ही पिछले साल शतरंज ओलंपियाड में भारतीय टीम को ऐतिहासिक स्वर्ण जीतने में भी मदद की।
चौथे प्राप्तकर्ता पैरा हाई-जम्पर प्रवीण होंगे, जिन्हें पेरिस पैरालिंपिक में टी64 चैंपियन का ताज पहनाया गया था। टी 64 वर्गीकरण उन एथलीटों के लिए है जिनके घुटने के नीचे एक या दोनों पैर गायब हैं और दौड़ने के लिए कृत्रिम पैर पर निर्भर हैं।
इनके अलावा 5 कोच को द्रोणाचार्य और 34 प्लेयर्स को अर्जुन पुरस्कार दिया जाएगा। 17 जनवरी को राष्ट्रपति भवन में अवॉर्ड सेरेमनी होगी।




