img

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026)  में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने चोटिल डेविड पेन के स्थान पर दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज जेराल्ड कोएट्जी को टीम में शामिल किया है। पेन इस सीजन में दो मैच खेलने के बाद टखने की चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।

25 वर्षीय जेराल्ड कोएट्जी इस साल की नीलामी में अनसोल्ड रहे थे, लेकिन अब उन्हें 2 करोड़ रुपये में सनराइजर्स हैदराबाद ने अपनी टीम में जोड़ा है। कोएट्जी इससे पहले आईपीएल में मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के लिए खेल चुके हैं, जहां उन्होंने 14 मैचों में 15 विकेट हासिल किए हैं।

कोएट्जी हाल ही में टी20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका की टीम का हिस्सा थे, हालांकि उन्हें कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज में हिस्सा लिया था।

इस बीच, सनराइजर्स हैदराबाद को एक और बड़ी मजबूती कप्तान पैट कमिंस के टीम से जुड़ने से मिली है। कमिंस 17 अप्रैल को टीम के साथ जुड़े और 25 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले के लिए उपलब्ध रहेंगे।

फिलहाल सनराइजर्स हैदराबाद अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है और आज (18 अप्रैल) चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपना अगला मुकाबला खेलेगी। (हि.स.)

 


Read More: FIFA World Cup 2026: मेक्सिको ने इक्वाडोर को हराकर रचा इतिहास, फ्रांस और नॉर्वे प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे