img

मैनचेस्टर। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेल रही टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। मैनचेस्टर टेस्ट मैच के पहले दिन रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर हुए भारत के उपकप्तान ऋषभ पंत के दाहिने पैर के अंगूठे में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। इसके चलते ऋषभ टेस्ट सीरीज से बाहर हो गये हैं। उनकी यह चोट पूरी तरह से ठीक होने में लगभग दो महीने का समय ले सकती है।

पहले दिन के अंतिम सत्र में पंत को यह चोट उस समय लगी, जब उन्होंने क्रिस वोक्स की गेंद पर रिवर्स-स्वीप खेलने की कोशिश की। उस समय वह 37 रन पर बल्लेबाज़ी कर रहे थे। इंग्लैंड ने उन्हें आउट करने के लिए डीआरएस भी लिया, लेकिन रीप्ले में अंदरूनी किनारा साफ दिखाई दिया।

हालांकि, चोट के कारण वह बल्लेबाज़ी जारी नहीं रख सके । यह चोट भारत की इस सीरीज़ में लगातार बढ़ रही फिटनेस समस्याओं में एक और झटका है। तेज़ गेंदबाज़ आकाश दीप (जांघ की चोट) और अर्शदीप सिंह (उंगली में चोट) पहले ही इस टेस्ट से बाहर हो चुके हैं, जिससे अंशुल काम्बोज को डेब्यू करने का मौका मिला।

पंत इससे पहले लॉर्ड्स टेस्ट में भी अपनी उंगली में चोट के कारण विकेटकीपिंग नहीं कर पाए थे। यह नई चोट भारत के लिए उस समय और भी चिंता का कारण बन गई है, जब टीम पांच मैचों की सीरीज़ में 1-2 से पीछे चल रही है और मुकाबले को बराबर करने की कोशिश में जुटी है।  (हि.स.)
 


Read More: FIFA World Cup 2026: मेक्सिको ने इक्वाडोर को हराकर रचा इतिहास, फ्रांस और नॉर्वे प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे