img

जॉर्जटाउन (गुयाना)। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को गुयाना ने अपने सर्वोच्च सम्मान 'द ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस ऑफ गुयाना' और डोमिनिका ने 'डोमिनिका अवॉर्ड ऑफ ऑनर' प्रदान किया। पीएम मोदी यहां कैरिकॉम शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने इनको भारत के लोगों को समर्पित करते हुए एक्स हैंडल पोस्ट पर खुशी और दोनों देशों का आभार जताते हुए यादगार पलों के फोटो भी साझा किए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लिखा, ''मुझे गुयाना का सर्वोच्च सम्मान, 'द ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस' प्रदान करने के लिए राष्ट्रपति डॉ. इरफान अली को तहे दिल से धन्यवाद। ये भारत की 140 करोड़ जनता की पहचान है।'' उन्होंने दूसरी पोस्ट में लिखा, ''मुझे 'डोमिनिका अवॉर्ड ऑफ ऑनर' प्रदान करने के लिए डोमिनिका के राष्ट्रपति सिल्वेनी बर्टन का आभार। यह सम्मान मेरी भारत की बहनों और भाइयों को समर्पित है। यह हमारे देशों के बीच अटूट बंधन का भी परिचायक है।''

त्रिनिदाद और टोबैगो में चलेगा UPI

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी की त्रिनिदाद एवं टोबैगो के प्रधानमंत्री डॉ. कीथ रोवले से मुलाकात भी हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा,'' त्रिनिदाद एवं टोबैगो के प्रधानमंत्री डॉ. कीथ रोवले के साथ बहुत उपयोगी बैठक हुई। हमने इस बारे में बात की कि हमारे देशों के बीच व्यापार संबंधों में विविधता कैसे लाई जाए। विज्ञान, स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा और कृषि जैसे क्षेत्र सहयोग की काफी संभावनाएं प्रदान करते हैं। यह बेहद खुशी की बात है कि त्रिनिदाद और टोबैगो ने यूपीआई (UPI) को अपनाया है। कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित एमओयू पर हस्ताक्षर भी एक स्वागत योग्य कदम है।''


Read More: अमेरिका का बी-52 बॉम्बर क्रैश, आठ लोगों की मौत, टेस्ट मिशन पर निकला था विमान