नई दिल्ली। देश को ओलिंपिक गेम्स, वर्ल्ड चैंपियनशिप और डायमंड लीग जैसे बड़े कॉम्पिटिशन में मेडल दिलाने वाले जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने एक और कारनामा किया है। नीरज डायमंड लीग में लगातार दूसरा गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।
25 साल के नीरज ने दोहा में चल रही प्रतियोगिता के मेन्स जेवलिन थ्रो इवेंट के फाइनल में पहले ही प्रयास में 88.67 मीटर भाला फेंका। यह नीरज का गोल्ड विनिंग परफॉर्मेंस साबित हुआ। नीरज ने साल 2023 का पहला ही मेडल जीता है।
पिछले साल नीरज ने ज्यूरिख में डायमंड लीग में पहला गोल्ड जीता था। 2022 में नीरज ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी भारत को सिल्वर मेडल दिलाया था।
नीरज चोपड़ा के दोहा डायमंड लीग 2023 जीतने पर केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने नीरज चोपड़ा को बधाई दी है।
अनुराग ठाकुर ने एक ट्वीट में कहा, "नीरज चोपड़ा जीत गए! 88.67 मीटर के जोरदार थ्रो के साथ, उन्होंने दोहा डायमंड लीग में अपना दबदबा बनाया और गौरव घर लाये। एक सच्चा चैंपियन जिसने देश को फिर से गौरवान्वित किया है। इस शानदार जीत के लिए बधाई नीरज! "




