मेक्सिको सिटी। मेक्सिको के महान गोलकीपरों में शुमार गुइलेर्मो ओचोआ (Guillermo Ochoa) ने पेशेवर फुटबॉल से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। 41 वर्षीय ओचोआ ने अपने 22 साल लंबे शानदार करियर को अलविदा कहा। उन्होंने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि फीफा विश्व कप 2026 उनके करियर का आखिरी टूर्नामेंट होगा। हालांकि इसके बाद उनके किसी नए क्लब से जुड़ने की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन अब उन्होंने उन सभी चर्चाओं पर विराम लगा दिया है।
सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा करते हुए ओचोआ ने कहा, "मैंने अपना सबकुछ झोंक दिया। अपने क्लबों और राष्ट्रीय टीम के लिए मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ दिया और आज मैं अपने गोलकीपिंग ग्लव्स उतार रहा हूं। गोलकीपर होना यह जानना है कि शायद 90 मिनट तक आपको सिर्फ एक ही मौका मिले, जब सब कुछ आप पर निर्भर हो। और जब वह पल आए तो आप हिचकिचा नहीं सकते।"
ओचोआ मेक्सिको की ओर से छह फीफा विश्व कप की टीम में शामिल होने वाले खिलाड़ियों में रहे। यह उपलब्धि केवल क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेसी जैसे महान खिलाड़ियों के नाम भी दर्ज है। उन्होंने 2014 (ब्राजील), 2018 (रूस) और 2022 (कतर) विश्व कप में मेक्सिको के प्रथम पसंद गोलकीपर के रूप में जिम्मेदारी निभाई।
विश्व कप 2026 में वह मुख्य रूप से राउल रेंगेल के बैकअप गोलकीपर रहे, लेकिन मुख्य कोच जेवियर अगुइरे ने चेक गणराज्य के खिलाफ अंतिम ग्रुप मैच में उन्हें आखिरी 13 मिनट खेलने का मौका दिया। मुकाबले के बाद भावुक ओचोआ ने एस्टाडियो एज़्टेका के गोलपोस्ट को चूमा, जहां से उनके करियर की शुरुआत हुई थी। इसके बाद उन्होंने अपने साथियों से गले मिलकर विदाई ली और दर्शकों के जाने के बाद आखिरी बार मैदान के बीचों-बीच जाकर अपने यादगार सफर को अलविदा कहा। (हि.स.)
Read More: मेक्सिको के दिग्गज गोलकीपर गुइलेर्मो ओचोआ ने फुटबॉल को कहा अलविदा, 22 के करियर का अंत




