img

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL- 2025) में सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने लखनऊ सुपर जाएंट्स (LSG) को छह विकेट से हरा दिया। इस मैच में एलएसजी के स्पिनर दिग्वेश राठी हैदराबाद के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा से भिड़ गए थे। 

IPL आचार संहिता का उल्लंघन करने की वजह से अब उन्हें एक मैच के लिए निलंबित कर दिया गया है। इससे दिग्वेश 22 मई को अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में नहीं खेल पाएंगे। इसके अलावा दिग्वेश पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना भी लगा है।

यह घटना SRH की पारी के आठवें ओवर में घटी, जब अभिषेक शर्मा जबरदस्त फॉर्म में थे और सिर्फ 19 गेंदों में 59 रन ठोक चुके थे। सनराइजर्स (SRH) का स्कोर 99/1 था और टीम मज़बूती से लक्ष्य की ओर बढ़ रही थी। ऐसे में LSG के कप्तान ऋषभ पंत ने ब्रेकथ्रू के लिए दिग्वेश राठी को गेंद सौंपी और राठी ने उम्मीद के मुताबिक सफलता दिलाई, जब अभिषेक ने एक्स्ट्रा कवर पर कैच थमा दिया। इसके बाद जो हुआ उसने इस अहम पल की गरिमा को बिगाड़ दिया। जैसे ही अभिषेक मैदान छोड़ने लगे, राठी ने उन्हें तीखी नजरों से घूरते हुए आक्रामक अंदाज में नोटबुक सेलिब्रेशन किया। यह देख अभिषेक भड़क गए और राठी की ओर पलट कर बढ़ने लगे। दोनों के बीच कुछ तीखे शब्दों का आदान-प्रदान हुआ, जिसके बाद अंपायर और एलएसजी के खिलाड़ियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

अभिषेक पर भी लगा जुर्माना

सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के अभिषेक शर्मा पर भी उनकी प्रतिक्रिया के लिए जुर्माना लगाया है। बयान में बताया कि SRH के अभिषेक शर्मा पर मैच के दौरान आईपीएल आचार संहिता के उल्लंघन के लिए मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इस सीजन में अनुच्छेद 2.6 के तहत यह उनका पहला लेवल 1 अपराध था और इसलिए,उन्हें एक डिमेरिट अंक मिला है। (हि.स.)

 


Read More: ड्रेसिंग रूम में "धुआं" उड़ाई दिखे रियान पराग, ई-सिगरेट पीते कैमरे में कैद हुए RR के कप्तान, BCCI कार्रवाई कर सकता है