नई दिल्ली। कनाडा में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया गया है कि निज्जर को गुरुद्वारे के बाहर गोली मारी गई। हरदीप सिंह निज्जर भारतीय एजेंसियों की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल था. भारत में हिंसा और अपराध के कई मामलों में उसका नाम सामने आया था, जिसके बाद उसे वांटेड टेररिस्ट की लिस्ट में डाला गया था।
भारत सरकार की तरफ से हाल ही में जारी हुई एक लिस्ट में निज्जर का नाम भी शामिल किया गया था, इस लिस्ट में 40 अन्य आतंकियों के नाम भी थे। निज्जर पर पिछले साल यानी 2022 में पंजाब के जालंधर में एक हिंदू पुजारी की हत्या की साजिश रचने का आरोप है। इस हत्याकांड के बाद उस पर 10 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। खालिस्तान टाइगर फोर्स (केटीएफ) ने इस पूरे हत्याकांड को अंजाम तक पहुंचाया था। निज्जर इसी संगठन का मुखिया था।
निज्जर पर भारत में कई तरह की और आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का भी आरोप था। आतंकी गतिविधियों को लेकर एनआईए भी उसके खिलाफ जांच कर रही थी. हालांकि अब उसे एक शूटआउट में मार दिया गया है. अब तक ये पता नहीं चल पाया है कि इस हत्याकांड को किसने अंजाम दिया. कनाडा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.




