बेरूत (लेबनान)। इजराइल की सेना ने बेरूत के दक्षिणी हारेट हरेक इलाके में हिज्बुल्लाह के गढ़ पर हवाई हमला कर बड़ी कामयाबी हासिल की। इजराइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने कहा कि उसके हमले में हिज्बुल्लाह के पांच आतंकवादी मारे गए। इनमें दुर्दांत हेथम अली तबताबाई भी शामिल है। आतंकवादी समूह की सैन्य शाखा के प्रमुख हेथम व चार अन्य के इजराइल के हमले में मारे जाने की पुष्टि हिज्बुल्लाह प्रवक्ता ने की है।
द टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के अनुसार, इजराइल की सेना ने जुलाई के बाद पहली बार बेरूत में पहला हवाई हमला कर हिज्बुल्लाह के छक्के छुड़ा दिए।हेथम को ईरान-समर्थित आतंकी समूह के वरिष्ठता क्रम में महासचिव नईम कासिम के बाद दूसरे नंबर पर माना जाता था। हिज्बुल्लाह ने एक बयान में तबताबाई को महान जिहादी कमांडर बताया। हेथम के अलावा मारे गए चार आतंकवादियों में इब्राहिम अली हुसैन, रिफ़ात अहमद हुसैन, मुस्तफ़ा असद बरौ और कासिम हुसैन बरजावी शामिल हैं।
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि हमले में 28 लोग घायल भी हुए हैं। आईडीएफ ने कहा कि तबताबाई 1980 के दशक में हिज्बुल्लाह की सैन्य शाखा में शामिल हुआ था और उसने कई बड़े पद संभाले। वह एलीट राडवान फोर्स का कमांडर और सीरिया में हिज्बुल्लाह के ऑपरेशन का हेड रह चुका था। 2024 के आखिर में समूह के ज्यादातर प्रमुख कमांडरों के मारे जाने के बाद इसी ने इजराइल के खिलाफ मोर्चा संभाला।
यह हमला लेबनान में अमेरिका की मध्यस्थता से हुए युद्धविराम समझौते के 27 नवंबर, 2024 को लागू होने के लगभग ठीक एक साल बाद हुआ। (हि.स.)
Read More: बांग्लादेश के पूर्व क्रिकेटर शाकिब उल हसन के घर पर हमला, पत्थर फेंके और खिड़कियां तोड़ीं




