
तेल अवीव/वाशिंगटन। स्वीडिश पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग को इजराइल ने स्वीडन वापस भेज दिया है। ग्रेटा को फ्रांस जाने वाले एक फ्लाइट में बैठाया गया है, जहां से उन्हें भेजा जाएगा।इसकी जानकारी वहां के विदेश मंत्रालय ने X पर पोस्ट कर दी।
इससे पहले इजराइली सेना ने सोमवार को ग्रेटा और उनके 11 साथियों को मैडलीन नाम के जहाज समेत गाजा के तट के पास से अपने कब्जे में ले लिया था। जिसे बाद में इजराइल के अशदोद पोर्ट ले जाया गया। ग्रेटा को हिरासत में रखा गया था।
बता दें कि पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग एक जून को इटली के तट से गाजा के लोगों के लिए राहत सामग्री लेकर रवाना हुई थीं। इजराइल के विदेश मंत्रालय ने X पर पोस्ट कर ग्रेटा को डिपोर्ट करने की जानकारी दी है।
अमेरिका और ईरान के बीच मस्कट में होगी परमाणु वार्ता
वहीं दूसरी तरफ ईरान और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच अगली अप्रत्यक्ष परमाणु वार्ता ओमान की राजधानी मस्कट में होगी। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघई ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए परामर्श के बाद तेहरान और वाशिंगटन के बीच अप्रत्यक्ष वार्ता का अगला दौर रविवार को मस्कट में निर्धारित किया जा रहा है। इस बीच इजराइल के प्रधानमंत्री ने अमेरिका के राष्ट्रपति से बातचीत की है।
ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, बाघई ने सोमवार को प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि यूरेनियम संवर्धन ईरान के परमाणु उद्योग के लिए रणनीतिक आवश्यकता है। यह स्वदेशी तकनीक ईरानी वैज्ञानिकों ने दशकों के सतत प्रयास के माध्यम से विकसित की है। अमेरिका के साथ होने वाली वार्ता या समझौते में यह विषय शामिल नहीं होगा।