img

तेहरान। ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी का हेलिकॉप्टर क्रैश में निधन हो गया है। वे 63 साल के थे। ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी IRNA ने सोमवार सुबह इसकी जानकारी दी। अजरबैजान से लौटते समय उनका हेलिकॉप्टर रविवार शाम करीब 7 बजे लापता हो गया था। इसमें राष्ट्रपति के साथ विदेश मंत्री होसैन अमीराब्दुल्लाहियन समेत 9 लोग सवार थे। हादसे में सभी मारे गए।

हादसा अजरबैजान की सीमा के करीब ईरान के वरजेघन शहर में हुआ। यह पहाड़ी इलाका है। रेस्क्यू एजेंसियां करीब 15 घंटे से वहां तलाशी अभियान चला रही थीं। इलाके में भारी बारिश, कोहरे और तेज सर्दी की वजह से सर्चिंग में मुश्किलें आईं। इस दौरान तीन बचावकर्मी भी गायब हो गए।

रेस्क्यू टीम को सोमवार सुबह अजरबैजान की पहाड़ियों में हेलिकॉप्टर का मलबा नजर आया था। इसकी जांच के बाद देश में मेडिकल असिस्टेंस देने वाली रेड क्रिसेंट ने कहा कि हादसे में किसी के बचे होने की संभावना नहीं है।

 

मिल गया मलबा

ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर का मलबा अजरबैजान की पहाड़ियों पर मिल गया है। हेलिकॉप्टर में राष्ट्रपति के साथ ईरान के विदेश मंत्री होसैन अमीराब्दुल्लाहियन समेत नौ लोग सवार थे। इरान के प्रमुख समाचार पत्र तेहरान टाइम्स और इरान इंटरनेशनल (अंग्रेजी संस्करण) की रिपोर्ट में हेलिकॉप्टर का मलबा मिलने की पुष्टि हुई है।

बांध का उद्घाटन कर लौट रहे थे स्वदेश

इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी के अनुसार, रईसी 19 मई की सुबह अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव के साथ एक बांध का उद्घाटन करने गए थे। लौटते वक्त अजरबैजान की सीमा के करीब ईरान के वरजेघन शहर में यह हादसा हुआ। अधिकारियों का कहना है कि ईरानी राष्ट्रपति रईसी अमेरिका में बने बेल 212 हेलिकॉप्टर पर सवार थे।


Read More: पाकिस्तान में होने वाली वार्ता में फंसा पेंच, ईरानी विदेश मंत्री अराघची बोले-अमेरिका से बातचीत की योजना नहीं