तेहरान। इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष जारी है। इस बीच ईरान में स्थित भारतीय दूतावास ने तेहरान में रह रहे लोगों को वहां से बाहर निकलने और किसी सुरक्षित जगह पर चले जाने की सलाह दी है।
इससे कुछ घंटे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी तेहरान में रहने वाले सभी लोगों को तुरंत शहर खाली करने की चेतावनी जारी की थी।
बता दें कि इजराइल ने कल यानी सोमवार को ईरान के सरकारी टेलीविजन इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (आईआरआईबी) के मुख्यालय को निशाना बनाया। द न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, इजराइल के लड़ाकू विमानों ने लाइव प्रसारण के दौरान बमबारी की। इस घटना की वीडियो क्लिप भी सामने आई है। इसे बीबीसी ने अपने समाचार के साथ साझा किया है।
वीडियो क्लिप में लाइव प्रसारण के दौरान इमारत में जबरदस्त धमाका होता है। इससे महिला एंकर दहल जाती है। स्क्रीन पर धुआं और न्यूज रूम में मलबा भर जाता है। जैसे ही एंकर जल्दी से बाहर निकलती है, कांच के टूटने और चीखने की आवाजें सुनाई देती हैं। अल जजीरा चैनल ने अपनी खबर में इस एंकर का नाम सहर इमामी बताया है।
ईरान ने कहा है कि इजराइल ने सेंट्रल ईरान में भी कई जगहों पर बमबारी की है। इस हमले में कुछ पत्रकारों के मारे जाने की सूचना है। मगर इसकी पुष्टि न तो ईरान ने की है और न ही इजराइल ने।
द न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, इजराइल ने कुद्स फोर्स के कमांड सेंटर पर भी हमला किया है। यह ईरानी सेना की कुलीन और गुप्त शाखा है। यह मुख्य रूप से ईरान के विदेशी अभियानों देखती है। इसमें हिजबुल्लाह जैसे छद्म समूहों को आतंकी प्रशिक्षण और हथियार देना शामिल है। (एजेंसी)
Read More: ईरान की मिसाइलों से दहला इजराइल का तेल अवीव और एलात शहर, मची तबाही




