नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-2025) का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया। टूर्नामेंट अब 17 मई से दोबारा शुरू होगा और फाइनल मुकाबला 3 जून को खेला जाएगा। आईपीएल को भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर बढ़ते तनाव के कारण 9 मई को एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया था। अब बाकी बचे 17 मुकाबले बेंगलुरु, जयपुर, दिल्ली, लखनऊ, मुंबई और अहमदाबाद में खेले जाएंगे। प्लेऑफ के स्थानों की घोषणा बाद में की जाएगी।
इन तारीखों पर होंगे प्लेऑफ मुकाबले
क्वालिफायर 1: 29 मई
एलिमिनेटर: 30 मई
क्वालिफायर 2: 1 जून
फाइनल: 3 जून
आरसीबी और केकेआर के बीच पहला मुकाबला
आईपीएल के फिर शुरू होने के साथ पहला मुकाबला 17 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच बेंगलुरु में खेला जाएगा। वहीं 8 मई को धर्मशाला में अधूरा छोड़ा गया पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) और दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) का मुकाबला अब 24 मई को जयपुर में होगा, जो पंजाब का अस्थायी होम ग्राउंड होगा। वहीं पंजाब को 26 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ भी जयपुर में ही खेलना होगा। पहले यह मैच धर्मशाला में होना था।
रविवार को डबल हेडर
18 मई (रविवार):
दोपहर 3:30 बजे: राजस्थान रॉयल्स बनाम पंजाब किंग्स
शाम 7:30 बजे: दिल्ली कैपिटल्स बनाम गुजरात टाइटंस
25 मई (रविवार):
दोपहर 3:30 बजे: गुजरात टाइटंस बनाम चेन्नई सुपर किंग्स
शाम 7:30 बजे: सनराइजर्स हैदराबाद बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स
लीग चरण का अंतिम मुकाबला 27 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स और आरसीबी के बीच लखनऊ में खेला जाएगा।
घरेलू मैदान से वंचित रह जाएंगी ये टीमें
शेड्यूल में बदलाव के चलते तीन टीमें—पंजाब, चेन्नई और हैदराबाद—अब अपने होम ग्राउंड पर कोई मुकाबला नहीं खेल पाएंगी। हालांकि चेन्नई और हैदराबाद पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुके हैं, लेकिन पंजाब को यह बड़ा झटका माना जा रहा है क्योंकि वे 11 मैचों में 15 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर थे।
विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता बनी चुनौती
आईपीएल का फाइनल अब 3 जून को खेला जाएगा, जो इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच 29 मई से शुरू हो रही एकदिनी सीरीज के साथ टकराएगा। इससे वेस्टइंडीज के खिलाड़ी रोमारियो शेफर्ड (आरसीबी), शामार जोसेफ (एलएसजी) और शेरफेन रदरफोर्ड (गुजरात) आईपीएल प्लेऑफ से बाहर हो सकते हैं। इंग्लैंड की टीम ने स्क्वॉड की घोषणा नहीं की है, लेकिन जोस बटलर, फिल सॉल्ट, लियाम लिविंगस्टोन, विल जैक्स और रीसे टॉपली जैसे खिलाड़ी भी प्रभावित हो सकते हैं। (हि.स.)




