img

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL- 2026) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की गुजरात टाइटंस (GT) पर पांच विकेट की जीत के बाद ऑरेंज कैप (Orange Cap) की दौड़ में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के दम पर विराट कोहली एक बार फिर शीर्ष स्थान पर पहुंच गए हैं।

206 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोहली ने ओपनिंग करते हुए 44 गेंदों में 81 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने 14वें ओवर तक बल्लेबाजी करते हुए टीम की जीत की मजबूत नींव रखी और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी बने। इस पारी के साथ कोहली अब 7 पारियों में 328 रन बनाकर ऑरेंज कैप की सूची में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा (323 रन) को पीछे छोड़ा।

तीसरे स्थान पर सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के हेनरिक क्लासेन (320 रन) हैं, जबकि गुजरात टाइटंस (GT) के शुभमन गिल 297 रन के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। गिल ने इस मैच में 24 गेंदों पर 32 रन बनाए, जिससे वह चेन्नई सुपर किंग्स के संजू सैमसन को पीछे छोड़ते हुए ऊपर आ गए।

RCB के कप्तान रजत पाटीदार भी इस मुकाबले के बाद सूची में आगे बढ़े हैं। हालांकि उन्होंने इस मैच में सिर्फ 8 रन बनाए, लेकिन कुल 238 रन के साथ वह ईशान किशन के बराबर पहुंच गए हैं। स्ट्राइक रेट के आधार पर पाटीदार आठवें और किशन नौवें स्थान पर हैं। वहीं गुजरात के बी साई सुदर्शन ने 58 गेंदों में शतक जड़कर सीजन का पांचवां शतक बनाया और शीर्ष-10 में जगह बना ली।

पर्पल कैप (Purple Cap) की दौड़ में इस मैच का ज्यादा असर नहीं पड़ा, क्योंकि मुकाबले में कुल आठ विकेट ही गिरे। GT के प्रसिद्ध कृष्णा 12 विकेट के साथ तीसरे स्थान पर बने हुए हैं और SRH के ईशान मलिंगा के साथ संयुक्त रूप से इस स्थान पर हैं। शीर्ष पर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के अंशुल कंबोज और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के प्रिंस यादव काबिज हैं।

इस बीच भुवनेश्वर कुमार ने जोस बटलर का विकेट लेकर अपने विकेटों की संख्या 11 तक पहुंचा दी है। वह अब राजस्थान रॉयल्स (RR) के जोफ्रा आर्चर और रवि बिश्नोई के साथ संयुक्त रूप से अगले स्थान पर हैं।  (हि.स.)
 


Read More: IPL 2026: विराट कोहली के सिर सजी ऑरेंज कैप, जीटी के खिलाफ ताबड़तोड़ 81 रन जड़े