नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 16वें सीजन का शेड्यूल शुक्रवार को जारी कर दिया गया है। 31 मार्च को डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच टूर्नामेंट का पहला मुकाबला खेला जाएगा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ये मैच होगा। 28 मई को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
टूर्नामेंट में 10 टीमों के बीच कुल 74 मुकाबले खेले जाएंगे जो कि 58 दिन का होगा। हर एक टीम 14 मैच खेलेगी, 7 अपने घर में और 7 विपक्षी टीम के घर में। 10 टीमों के बीच लीग स्टेज के 70 मुकाबले होंगे। लीग स्टेज के बाद पॉइंट्स टेबल की टॉप-4 टीमें प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करेंगी।
टूर्नामेंट में 18 डबल हेडर होंगे, यानी 18 बार एक दिन में 2 मैच होंगे। इस दौरान पहला मैच दोपहर 3:30 बजे और दूसरा मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। 31 मार्च को गुजरात और चेन्नई के बीच पहले मुकाबले के बाद एक और 2 अप्रैल को दो डबल हेडर होंगे।
एक अप्रैल को पंजाब-कोलकाता के बीच पहला और लखनऊ-दिल्ली के बीच दूसरा मुकाबला होगा। वहीं, 2 अप्रैल को सनराइजर्स-राजस्थान के बीच पहला और बेंगलुरु-मुंबई के बीच दूसरा मुकाबला होगा। 8 अप्रैल और 6 मई को टूर्नामेंट की 2 सबसे सफल टीमें मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच मुकाबले होंगे।

हालाँकि अभी प्ले ऑफ का शेड्यूल जारी नहीं किया गया है। वहीं, लीग स्टेज के मुकाबलों के बाद प्लेऑफ के 4 मुकाबले होंगे। पॉइंट्स टेबल की टॉप-4 टीमें प्लेऑफ में पहुंचेगी। आईपीएल के 70 लीग स्टेज के मुकाबलों का शेड्यूल ही जारी हुआ। लेकिन 23 मई को क्वालिफायर-1 खेले जाने की उम्मीद है। 24 मई को एलिमिनेटर और 26 मई को क्वालिफायर-2 हो सकता है। 28 मई को फाइनल की तारीख तय हो चुकी है।
पॉइंट्स टेबल की टॉप-2 टीमों के बीच क्वालिफायर-1 होगा। इसे जीतने वाली टीम फाइनल में पहुंचेगी। एलिमिनेटर में पॉइंट्स टेबल की तीसरे और चौथे नंबर की टीमें भिड़ेंगी। इसे जीतने वाली टीम क्वालिफायर-2 में पहुंचेगी। एलिमिनेटर की विजेता और क्वालिफायर-1 में हारने वाली टीमों के बीच क्वालिफायर-2 होगा। क्वालिफायर-2 जीतने वाली टीम 28 मई को क्वालिफायर-1 की विजेता से फाइनल मुकाबला खेलेगी।




