वाशिंगटन। दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में से एक हार्वर्ड यूनिवर्सिटी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के खिलाफ सोमवार को संघीय न्यायालय में मुकदमा दायर किया है। हार्वर्ड की गिनती दुनिया के सबसे धनी विश्वविद्यालयों में होती है। यह मुकदमा उच्च शिक्षा और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच चल रही लड़ाई के एक बड़े विस्तार का संकेत देता है।
अमेरिका के अखबार 'द हार्वर्ड क्रिमसन' ने इस मुकदमे की विस्तार से जानकारी दी है। 'द हार्वर्ड क्रिमसन' के अनुसार, हार्वर्ड ने 2.2 बिलियन डॉलर के फंडिंग फ्रीज को लेकर ट्रंप प्रशासन पर मुकदमा दायर किया है। साथ ही व्हाइट हाउस पर ''हार्वर्ड को उसके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने के लिए दंडित करने'' के लिए मनमाना और असंवैधानिक अभियान चलाने का आरोप लगाया गया है।
उल्लेखनीय है कि ट्रंप प्रशासन ने मुकदमा दायर करने से एक दिन पहले हार्वर्ड से संघीय अनुदान और अनुबंधों में एक और एक बिलियन डॉलर की कटौती करने की घोषणा की। यह पिछले सप्ताह घोषित 2.2 बिलियन डॉलर की मौजूदा कटौती के अतिरिक्त है।(हि.स.)
Read More: ईरान की मिसाइलों से दहला इजराइल का तेल अवीव और एलात शहर, मची तबाही




