फॉक्सबोरो (बोस्टन)। चार बार की विश्व चैंपियन जर्मनी का फीफा विश्व कप 2026 का सफर सोमवार को सनसनीखेज अंदाज में समाप्त हो गया। पैराग्वे ने 120 मिनट तक मुकाबला 1-1 से बराबरी पर रहने के बाद पेनल्टी शूटआउट में जर्मनी को 4-3 से हराकर टूर्नामेंट के अंतिम-16 में जगह बना ली। निर्णायक पेनल्टी जोसे कैनाले ने गोल में बदलकर पैराग्वे को ऐतिहासिक जीत दिलाई।
जर्मनी ने मैच की शुरुआत से ही गेंद पर कब्जा बनाए रखा। कोच जूलियन नागेल्समैन ने आक्रामक रणनीति अपनाते हुए इस विश्व कप में तीन गोल और दो असिस्ट करने वाले डेनिज़ उंडाव को पहली बार शुरुआती एकादश में शामिल किया। जर्मनी ने पहले हाफ में लगातार दबाव बनाया, लेकिन कोई भी शॉट लक्ष्य पर नहीं लगा सका।
इसका फायदा पैराग्वे ने 35वें मिनट के बाद उठाया। मिगुएल अल्मीरोन की वापसी के साथ टीम ने शानदार जवाबी हमला किया और जूलियो एनसिसो ने दमदार हेडर के जरिए गोल कर पैराग्वे को 1-0 की बढ़त दिला दी। यह विश्व कप के नॉकआउट चरण में पैराग्वे का पहला गोल भी था।
दूसरे हाफ में जर्मनी ने वापसी की। 54वें मिनट में फ्लोरियन विर्ट्ज़ के सटीक क्रॉस पर काई हैवर्ट्ज़ ने हेडर लगाकर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों को कई मौके मिले, लेकिन कोई भी निर्णायक बढ़त नहीं बना सका।
अतिरिक्त समय में जर्मनी ने 102वें मिनट में जोनाथन ताह के हेडर से गोल किया, लेकिन लंबी VAR समीक्षा के बाद गोलकीपर पर फाउल मानते हुए इसे रद्द कर दिया गया।
मुकाबले का फैसला पेनल्टी शूटआउट में हुआ। जर्मनी की ओर से काई हैवर्ट्ज़, निक वोल्टेमाडे और जोनाथन ताह अपने प्रयास में असफल रहे। पैराग्वे ने भी दो पेनल्टी गंवाईं, लेकिन अंत में जोसे कैनाले ने निर्णायक पेनल्टी गोल में बदलकर अपनी टीम को ऐतिहासिक जीत दिला दी। (हि.स.)
Read More: एशियाई गेम्स के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान, हरमनप्रीत कौर को मिली कमान




