वाशिंगटन। ब्राजील के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स'(X) पर प्रतिबंध लगाने पर एलन मस्क ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। 'X' आज के दौर में दुनिया का सर्वाधिक लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म है। चर्चित अरबपति अमेरिकी उद्यमी एलन मस्क 'X' के मालिक हैं। मस्क ने ब्राजील में एक्स के प्रतिबंध (निलंबन) करने के फैसले पर टिप्पणी करते हुए इसे 21वीं सदी में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर अभूतपूर्व हमलों में से एक कहा है।
उल्लेखनीय है कि ब्राजील के सुप्रीम फेडरल कोर्ट के न्यायाधीश डी मोरेस ने शुक्रवार को देश में एक्स को निलंबित (प्रतिबंध) करने का आदेश दिया। न्यायाधीश मोरेस ने इससे पहले मस्क को 24 घंटे के अंदर अदालत को सूचित करने का आदेश दिया था कि ब्राजील में एक्स का नया कानूनी प्रतिनिधि कौन होगा।
उन्होंने चेताया था कि यह जानकारी न देने पर एक्स को निलंबित कर दिया जाएगा। मस्क के जवाब देने की समय सीमा गुरुवार शाम खत्म हो गई। एक्स ने शुक्रवार को कहा कि वह ब्राजील की एक अदालत के अवैध आदेशों का पालन करने से इनकार करता है। साथ ही तंज कसा कि वह एक्स के ब्राजील में बंद होने की उम्मीद करता है।
सनद रहे इस माह के मध्य में एक्स ने सेंसरशिप और उपयोगकर्ता अकाउंट की जानकारी की मांग के साथ मोरेस का एक पत्र प्रकाशित किया था। इसमें कहा गया था कि यह न केवल ब्राजील में, बल्कि अमेरिका और अर्जेंटीना में भी उपयोगकर्ताओं को प्रभावित कर सकता है। इससे कुछ समय पहले एक्स ने ब्राजील में कुछ अकाउंट्स की सेंसरशिप का अनुरोध करते हुए न्यायाधीश का एक पत्र भी भेजा था।




