img

लॉस एंजिल्स। फीफा विश्व कप 2026 (FIFA World Cup ) में स्वीडन के खिलाफ 5-1 की करारी हार के बादट्यूनीशिया फुटबॉल महासंघ ने अपने मुख्य कोच सबरी लामूशी को पद से हटा दिया है। उनकी जगह फ्रांस के अनुभवी कोच एर्वे रेनार्ड को राष्ट्रीय टीम की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस फैसले की आधिकारिक घोषणा सोमवार को ट्यूनीशिया के राष्ट्रीय प्रसारण माध्यम के जरिए की गई। ट्यूनीशिया फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष मोएज़ नस्सारी ने बताया कि एर्वे रेनार्ड के साथ आधिकारिक समझौता हो गया है और वह वर्ष 2026 विश्व कप के अंत तक टीम के मुख्य कोच बने रहेंगे।

रेनार्ड अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में अपने अनुभव और बड़े टूर्नामेंटों में शानदार रणनीति के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने वर्ष 2022 के विश्व कप में सऊदी अरब को प्रशिक्षित करते हुए उस समय की सबसे बड़ी उलटफेर वाली जीत दिलाई थी, जब उनकी टीम ने बाद में विश्व विजेता बनी अर्जेंटीना को हराया था। इसके बाद वह फ्रांस की महिला फुटबॉल टीम के कोच भी रहे।

पूर्व फ्रांसीसी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सबरी लामूशी ने इसी वर्ष जनवरी में ट्यूनीशिया टीम की कमान संभाली थी, लेकिन विश्व कप में निराशाजनक शुरुआत के बाद उनका कार्यकाल जल्द समाप्त हो गया।

स्वीडन से मिली हार के बाद अब ट्यूनीशिया के लिए नॉकआउट चरण में पहुंचने की राह कठिन हो गई है। टीम अपना अगला मुकाबला शनिवार को जापान के खिलाफ खेलेगी। (हि.स.)


Read More: FIFA World Cup 2026 : स्वीडन से करारी हार के बाद ट्यूनीशिया के कोच पर गिरी गाज, नए कोच को सौंपी कमान