वाशिंगटन। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जूरी ने पोर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स को भुगतान किए गए धन की जांच के बाद ट्रंप पर आरोप तय कर दिए हैं। अमेरिका के इतिहास में ट्रंप ऐसे पहले पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बन गए हैं, जिनके खिलाफ मुकदमा चलेगा। महत्वपूर्ण यह है कि आरोपों को सार्वजनिक नहीं किया गया है।
ट्रंप ने अपने खिलाफ लगे अभियोग को राजनीतिक उत्पीड़न और चुनाव में हस्तक्षेप करार दिया है। पोर्न स्टार के वकील क्लार्क ब्रूस्टर ने ट्वीट किया है कि कोई भी कानून से ऊपर नहीं है। सत्य और न्याय की जीत होगी।
मुकदमे को लेकर पूर्व राष्ट्रपति ने कहा- मुझ पर लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं। इसकी न्यूयॉर्क में निष्पक्ष सुनवाई नहीं हो सकती। मैं अमेरिका की जनता के साथ खड़ा हूं इसलिए मुझ पर ये आरोप लगाए जा रहे हैं। यह जो बाइडेन पर भारी पड़ेगा। अमेरिका की जनता सब समझती है कि कट्टरपंथी और वामपंथी डेमोक्रेट क्या कर रहे हैं। हर कोई इसे देख रहा है।
बता दें कि ट्रम्प 2024 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए तैयारी में जुटे हैं। वे पिछले साल चुनाव में खड़े होने की घोषणा कर चुके हैं। कुछ दिन पहले ही उन्होंने टेक्सास में रैली भी की थी। मुकदमे की घोषणा के बाद उन्होंने संकेत दिए हैं कि वो 2024 के चुनाव से पीछे नहीं हटेंगे। हालांकि क्रिमिनल केस ट्रम्प के राष्ट्रपति बनने में अड़चन पैदा कर सकता है।
Read More: अमेरिका और ईरान के बीच जंग खत्म , शांति समझौते पर ट्रंप और पेजेशकियन ने किए साइन




