img

तेहरान/वाशिंगटन। ईरान ने अमेरिका से दो टूक कह दिया है कि कतर की राजधानी दोहा में अमेरिका के साथ कोई बातचीत तय नहीं है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा उसके प्रतिनिधिमंडल के कतर दौरे का अमेरिकी अधिकारियों के साथ किसी भी बैठक से कोई लेना-देना नहीं है।

ईरान का बड़ा बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावे के उलट है। ट्रंप ने कहा कि कतर की राजधानी दोहा में अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधिमंडल होर्मुज जलडमरूमध्य पर केंद्रित वार्ता में हिस्सा लेंगे। उधर, होर्मुज जलडमरूमध्य में पिछले 24 घंटे में हालात पहले से बेहतर हुए हैं।

ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी और अल जजीरा न्यूज चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, "आने वाले दिनों में हमारी अमेरिकी पक्ष के साथ किसी भी स्तर पर कोई बातचीत या बैठक तय नहीं है। अमेरिकी प्रतिनिधियों के कतर जाने का ईरानी प्रतिनिधिमंडल के दौरे से कोई लेना-देना नहीं है।" बघाई ने जोर दिया कि बड़े समझौते पर बातचीत अभी शुरू नहीं हुई है।

बघाई ने कहा, "एमओयू के मसौदे के मुताबिक, अंतिम समझौते के लिए बातचीत की शुरुआत 14 सूत्री सहमति पत्र के क्रम संख्या 1, 4, 5, 10, और 11 में उल्लिखित बातों के लागू होने पर निर्भर है।" उन्होंने कहा कि इसमें यह भी कहा गया है कि अमेरिका को ईरान के फ़्रीज किए गए या रोके गए फंड और एसेट्स को आपसी सहमति से तय प्रक्रिया के तहत इस्तेमाल के लिए पूरी तरह से उपलब्ध कराना होगा।

इस बीच, व्हाइट हाउस ने कहा कि अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के वरिष्ठ सलाहकार जेरेड कुशनर मंगलवार को ईरान के साथ बातचीत के लिए दोहा जाएंगे। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने फॉक्स न्यूज को दिए साक्षात्कार में इसकी पुष्टि की और कहा कि यह बैठक ईरान के अनुरोध पर हो रही है। लेविट ने कहा कि ट्रंप शांति प्रक्रिया को जारी रखना चाहते हैं।

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "ईरान ने बैठक का आग्रह किया है। यह कल दोहा में होगी।" उल्लेखनीय है कि अमेरिकी न्यूज वेबसाइट एक्सियोस सबसे पहले दोहा में होने वाली बैठक का खुलासा कर चुकी है। (हि.स.)


Read More: ट्रंप के दावे के उलट ईरान की दो टूक- कतर में अमेरिका से बातचीत अभी तय नहीं