img

वॉशिंगटन। अमेरिका ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सक्रिय अलगाववादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) को विदेशी आतंकी संगठन घोषित कर दिया है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने  यह जानकारी दी। बता दें कि यह कार्रवाई तब हुई है जब पाकिस्तान के आर्मी चीफ आसिम मु​नीर अमेरिका के दौरे पर है।

बीएलए को लंबे समय से अफगानिस्तान और ईरान से सटे, खनिज संपदा से भरपूर बलूचिस्तान क्षेत्र में सक्रिय सबसे प्रभावशाली उग्रवादी गुट माना जाता है। यह इलाका चीन के निवेश वाले ग्वादर गहरे समुद्री बंदरगाह और अन्य परियोजनाओं के कारण रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के अनुसार, हाल ही में बीएलए ने मार्च में क्वेटा से पेशावर जा रही पाकिस्तानी ‘जाफर एक्सप्रेस’ ट्रेन को हाईजैक करने की जिम्मेदारी ली थी। इस घटना में 31 नागरिकों और सुरक्षा बलों के जवानों की मौत हुई थी, जबकि 300 से अधिक यात्री बंधक बना लिए गए थे।

विदेशी आतंकी संगठन घोषित होने के बाद इस समूह को वित्तीय सहायता और किसी भी प्रकार की मदद प्रदान करना अमेरिकी कानून के तहत प्रतिबंधित हो गया है। (हि.स.)
 


Read More: ट्रंप की अमेरिका के लोगों से अपील : सब्र रखें, ईरान को "पाषाण युग" में वापस भेज देंगे