नई दिल्ली। इजराइली PM बेंजामिन नेतन्याहू पर अंतरराष्ट्रीय क्रिमिनल कोर्ट (ICC) के गिरफ्तारी वारंट पर बवाल खड़ा हो गया। जहां एक ओर अमेरिका ने गिरफ्तारी वारंट को मानने से इनकार कर दिया वहीं ब्रिटेन, कनाडा, नीदरलैंड और इटली ने कहा है कि अगर नेतन्याहू उनके देश आते हैं तो उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। बता दें कि गुरुवार को ICC ने नेतन्याहू के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी किया था।
नेतन्याहू के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट पर अमेरिका भड़क गया है। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरीन जीन पियरे कोर्ट के फैसले लेने के तरीके पर सवाल उठाए हैं और इसे 'जल्दबाजी' बताया है।विदित हो कि अमेरिका अंतरराष्ट्रीय क्रिमिनल कोर्ट (ICC) का सदस्य देश नहीं है।
वहीं इटली के रक्षा मंत्री गुइडो क्रोसिटो ने कहा कि उनका देश ICC के नियमों को मानेगा। उन्होंने कहा कि वे ICC के इस आरोप से इनकार करते हैं कि हमास और इजराइल एक जैसे हैं, लेकिन फिर भी अगर नेतन्याहू इटली आते हैं तो उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। हम नियमों से बंधे हुए हैं।
ICC का सदस्य होने के नाते ब्रिटेन ने भी कहा है कि वो नेतन्याहू को अपनी धरती पर अरेस्ट करेगा। हालांकि PM ऑफिस के प्रवक्ता ने कहा है कि नेतन्याहू और हमास के बीच नैतिक समानता नहीं है। इजराइल को खुद को डिफेंड करने का अधिकार है।
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने कहा है कि ICC के सदस्य होने के नाते वे नियमों का पालन करेंगे। नीदरलैंड के विदेश मंत्री कैस्पर वेल्डकैम्प ने कहा कि वे नियमों का 100% पालन करेंगे और नेतन्याहू के डच जमीन पर पैर रखते ही उन्हें गिरफ्तार कर लेंगे।
Read More: अमेरिका का बी-52 बॉम्बर क्रैश, आठ लोगों की मौत, टेस्ट मिशन पर निकला था विमान




