वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार सुबह (भारतीय समय के मुताबिक) अमेरिकी संसद (कांग्रेस) के जॉइंट सेशन को संबोधित किया। ट्रम्प ने 2 अप्रैल से जैसा को तैसा टैरिफ लगाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि भारत हमसे 100% से ज्यादा टैरिफ वसूलता है, हम भी अगले महीने से ऐसा ही करने जा रहे हैं।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका का स्वर्ण युग अभी शुरू हुआ है। यह ऐसा कुछ होगा जो पहले कभी नहीं देखा गया है। इस दौरान रिपब्लिकन ने खड़े होकर जोरदार तालियां बजाईं। इस दौरान कुछ डेमोक्रेट्स ने राष्ट्रपति के संबोधन में खलन डालने की कोशिश की। सार्जेंट ऑफ आर्म्स ने अल ग्रीन (डी. टेक्सास) को बाहर निकाल दिया। कुछ डेमोक्रेटिक सांसद उनका भाषण शुरू होने से पहले ही बाहर चले गए।
राष्ट्रपति ट्रंप ने कांग्रेस से बाइडेन-युग के कानून को रद्द करने का आह्वान किया। ट्रंप ने अपने शुरुआती भाषण में आव्रजन उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कांग्रेस से बच्चों में लिंग-संबंधी सर्जरी पर स्थायी रूप से प्रतिबंध लगाने और अपराधीकरण करने वाला विधेयक पारित करने का आह्वान किया।
उन्होंने खुलासा किया कि काबुल हवाई अड्डे पर 2021 के घातक आत्मघाती हमले की योजना बनाने में शामिल एक अफगान को अमेरिका लाया जा रहा है। ट्रंप ने कहा कि अफगानिस्तान में स्थित इस्लामिक स्टेट शाखा के एक वरिष्ठ सदस्य को पाकिस्तान ने अमेरिकी अधिकारियों को सौंप दिया है। अमेरिकी अधिकारियों ने उसकी पहचान मोहम्मद शरीफुल्लाह के रूप में की है।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि दो दिन पहले उन्होंने अंग्रेजी को अमेरिका की आधिकारिक भाषा बनाने के आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं। अमेरिका को उन पर भरोसा है। बाइडन अब तक के सबसे खराब राष्ट्रपति हैं। बाइडन के कार्यकाल में घुसपैठ बढ़ी थी। उन्होंने दावा किया कि उनके प्रशासन ने महज 43 दिन में वो कर दिखाया, जो पिछली सरकारों ने चार साल में भी नहीं किया।
Read More: ईरान की मिसाइलों से दहला इजराइल का तेल अवीव और एलात शहर, मची तबाही




