लखनऊ। उत्तर प्रदेश की पुरुष कबड्डी टीम ने उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेल में फुर्ती, रणनीति और शानदार टीमवर्क के सहारे बेहतरीन धमाल मचाते हुए स्वर्णिम सफलता हासिल की। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के लिए दूसरा स्वर्ण योगासन में आर्टिस्टिक पुरुष एकल में प्रवीण कुमार पाठक ने जीता। इस सफलता पर उत्तर प्रदेश के खिखाड़ियाें और खेल प्रेमियाें में खुशी की लहर दाैड़ गयी।
उप्र ओलंपिक संघ के महासचिव आनंदेश्वर पांडेय ने कहा कि इस समय शासन स्तर से खिलाड़ियाें काे मिल रहे प्राेत्साहन का असर दिख रहा है। आगे चलकर प्रदेश के खिलाड़ियों की प्रतिभा में और अधिक निखार आएगा। प्रदेश के युवा वर्ग में खेल के प्रति उत्साह बढ़ा है। वहीं खेल निदेशक आर.पी. सिंह ने कहा कि उप्र में खिलाड़ियों में ऊर्जा बनी रहे। उनको किसी तरह की परेशानी न हो, इसका ध्यान शासन स्तर से विशेष रूप से देखा जा रहा है।
हरिद्वार में आयोजित कबड्डी के मुकाबलो में पुरुष कबड्डी के फाइनल में उत्तर प्रदेश ने चंडीगढ़ को रोमांचक मैच में 57-43 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इसी के साथ यूपी ने चंडीगढ़ से पूल मैच में मिली हार का बदला ले लिया।
इससे पहले सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश ने सर्विसेज’ की बेहद मजबूत टीम को 43-42 से हराकर फाइनल में जगह बनायी थी। उत्तर प्रदेश की पुरुष कबड्डी टीम ने राष्ट्रीय खेल में दूसरी बार स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले यूपी ने 36वें राष्ट्रीय खेल-2022 में स्वर्ण पदक जीता था।




