img

नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कोर्बिन बॉश को पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) से एक साल के लिए बैन कर दिया गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने यह फैसला गुरुवार, 10 अप्रैल को सुनाया। बॉश ने पीएसएल 2025( PSL 2025) सीज़न की शुरुआत से पहले ही टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया था ताकि वे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में हिस्सा ले सकें।

30 वर्षीय बॉश को इस साल जनवरी में PSL ड्राफ्ट के दौरान पेशावर जाल्मी ने डायमंड कैटेगरी में चुना था। लेकिन आईपीएल (IPL) फ्रेंचाइज़ी मुंबई इंडियंस ने उन्हें घायल लिज़ाड विलियम्स के स्थान पर रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के रूप में बुलाया। इसके बाद बॉश ने PSL से अपना नाम वापस ले लिया और IPL से जुड़ गए, जिससे PSL से पहले ही वे टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

पीएसएल से बैन लगने के बाद कोर्बिन बॉश ने एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए अपनी गलती मानी और माफी मांगी। उन्होंने कहा "मैं पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) से हटने के अपने फैसले पर गहरा खेद व्यक्त करता हूं और पाकिस्तान की जनता, पेशावर जाल्मी के प्रशंसकों और क्रिकेट समुदाय से दिल से माफी मांगता हूं। पीएसएल एक प्रतिष्ठित टूर्नामेंट है और मैं समझता हूं कि मेरे इस कदम से लोगों को निराशा हुई है।"

उन्होंने आगे कहा, "मैं अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करता हूं और पीएसएल से एक साल के प्रतिबंध और जुर्माने को भी स्वीकार करता हूं। यह मेरे लिए एक कठिन सबक है, लेकिन मैं इससे सीखकर भविष्य में बेहतर वापसी के लिए प्रतिबद्ध हूं।"

पीएसएल से अचानक नाम वापस लेने और टूर्नामेंट को प्राथमिकता न देने पर पीसीबी ने यह फैसला लेते हुए एक सख्त संदेश दिया है कि लीग के अनुशासन और प्रतिबद्धता से समझौता नहीं किया जाएगा। बॉश पर लगे एक साल के बैन के साथ-साथ उन पर आर्थिक जुर्माना भी लगाया गया है।


Read More: FIFA World Cup 2026: मेक्सिको ने इक्वाडोर को हराकर रचा इतिहास, फ्रांस और नॉर्वे प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे