img

लखनऊ। IPL 2025: मुंबई इंडियंस (MI ) और लखनऊ सुपर जॉइंट्स (LSG) की टीम इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-2025) के मैच में शुक्रवार को यहां जब आमने सामने होंगी तो सभी की निगाह रोहित शर्मा और ऋषभ पंत के प्रदर्शन पर टिकी रहेगी। पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस का इस सत्र में अभी तक प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है तथा तीन मैच में उसके केवल दो अंक हैं।

Hardik Pandya asked Rishabh Pant to bat after winning the toss |  ESPNcricinfo.com

भारतीय कप्तान रोहित की खराब फॉर्म MI के लिए चिंता का विषय है। यही बात LSG के कप्तान पंत पर भी लागू होती है जो रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इन दोनों प्रमुख बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन का असर परिणाम पर साफ नजर आ रहा है। इन दोनों टीमों ने अभी तक तीन में से केवल एक मैच जीता है और ऐसे में शुक्रवार को होने वाले मैच में जो टीम परिस्थितियों से बेहतर सामंजस्य बिठाएगी, उसकी जीत की संभावना बढ़ जाएगी।

यही नहीं इस बार क्यूरेटर घरेलू टीमों के अनुकूल पिच तैयार नहीं कर रहे हैं जिस पर कुछ फ्रेंचाइजी के कोच और खिलाड़ियों ने खुलकर नाराजगी व्यक्त की है। ऐसे में पावर प्ले में अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीम की जीत की संभावना बढ़ जाएगी। MI के लिए तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की चोट भी चिंता का विषय है। बुमराह कब तक वापसी करेंगे इसको लेकर हार्दिक पंड्या की अगुवाई वाली टीम ने चुप्पी साध रखी है।

बुमराह की जगह लेना आसान नहीं है लेकिन बाएं हाथ के युवा तेज गेंदबाज अश्वनी कुमार ने पिछले मैच में KKR के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करके मुंबई की टीम में आशा की नई किरण जगाई है। अश्वनी कुमार ने इस मैच में 24 रन देकर चार विकेट लिए थे। पंजाब के रहने वाले इस 23 वर्षीय तेज गेंदबाज ने घरेलू क्रिकेट में केवल चार टी20 मैच खेलने के बाद MI की तरफ से IPL में पदार्पण करते हुए शानदार प्रदर्शन किया तथा अजिंक्य रहाणे, मनीष पांडे, रिंकू सिंह और आंद्रे रसेल जैसे बल्लेबाजों को आउट किया।

MI के गेंदबाजों ने कोलकाता के खिलाफ वानखेड़े में अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन वह दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज रयान रिकेलटन थे जिन्होंने टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। मुंबई (MI) को अगर इसी तरह का प्रदर्शन जारी रखना है तो फिर रोहित और सूर्यकुमार यादव को बड़ी भूमिका निभानी पड़ेगी। जहां तक LSG की बात है तो विशाखापत्तनम में IPL के शुरुआती मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) से मिली एक विकेट की निराशाजनक हार के बाद उसकी टीम अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाई है।

LSG के लिए अच्छी बात यह है कि वेस्टइंडीज के बल्लेबाज निकोलस पूरण अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने तीन मैच में अभी तक 189 रन बनाए हैं लेकिन ऑस्ट्रेलिया के मिशेल मार्श को छोड़कर लखनऊ (LSG) का कोई भी अन्य बल्लेबाज पूरण की तरह बल्लेबाजी नहीं कर पाया है। लखनऊ की सबसे बड़ी कमजोरी उसकी गेंदबाजी और कप्तान पंत का अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाना है। LSG के कुछ तेज गेंदबाज चोटिल हैं और ऐसे में उसके गेंदबाजी विभाग की जिम्मेदारी शार्दुल ठाकुर और रवि बिश्नोई संभाल रहे हैं।

जहां तक ऋषभ पंत की बात है तो उन्हें चैंपियंस ट्रॉफी में खेलने का मौका नहीं मिला और मैच अभ्यास की कमी का असर उनकी बल्लेबाजी में स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है। यह आक्रामक बल्लेबाज अभी तक तीन मैच में केवल 17 रन बना पाया है।

टीम इस प्रकार हैं:

लखनऊ सुपर जाइंट्स (LSG): ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), अब्दुल समद, आकाश दीप, आकाश सिंह, अवेश खान, आयुष बदोनी, मैथ्यू ब्रीट्जके, युवराज चौधरी, राजवर्धन हंगरगेकर, हिम्मत सिंह, शमर जोसेफ, आर्यन जुयाल, अर्शिन कुलकर्णी, एडेन मार्करम, मिशेल मार्श, डेविड मिलर, निकोलस पूरन, प्रिंस यादव, दिग्वेश राठी, रवि बिश्नोई, शाहबाजÞ अहमद, मणिमारन सिद्धार्थ, शार्दुल ठाकुर, मयंक यादव।

मुंबई इंडियंस (MI): हार्दिक पंड्या (कप्तान), अश्वनी कुमार, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रित बुमरा, दीपक चाहर, विल जैक्स, बेवॉन जैकब्स, रॉबिन मिंज, मुजीब उर रहमान, नमन धीर, विग्नेश पुथुर, सत्यनारायण राजू, रयान रिकेलटन, मिशेल सेंटनर, कर्ण शर्मा, रोहित शर्मा, कृष्णन श्रीजीत, अर्जुन तेंदुलकर, तिलक वर्मा, रीस टॉपले, सूर्यकुमार यादव।

 


Read More: FIFA World Cup 2026: मेक्सिको ने इक्वाडोर को हराकर रचा इतिहास, फ्रांस और नॉर्वे प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे