दुबई/नई दिल्ली। कुवैत मंगाफ में हुए अग्निकांड में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को आर्थिक मदद देने का प्रतिष्ठित अनिवासी भारतीय (एनआरआई) कारोबारी और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) स्थित लुलु समूह के प्रमुख एम. ए. युसूफ अली ने ऐलान किया है। इसके तहत प्रत्येक मृतक के परिवार को पांच-पांच लाख रुपये देने की गुरुवार को घोषणा की गई।
दक्षिणी कुवैत के मंगाफ क्षेत्र में बुधवार को एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से 49 विदेशी मजदूरों की मौत हो गई थी और 50 अन्य घायल हो गये थे। मृतकों में 45 भारतीय हैं। अबू धाबी में समूह द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि इस हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिवार को पांच लाख रुपये की राशि दी जाएगी।
वहीं अग्निकांड में मारे गए 45 भारतीयों के शव लेकर भारतीय वायुसेना का स्पेशल एयरक्राफ्ट भारत पहुंच गया है। यह केरल के कोच्चि एयरपोर्ट पर लैंड हुआ, क्योंकि मृतकों में सबसे ज्यादा 23 लोग केरल के हैं। इसके बाद एयरक्राफ्ट दिल्ली जाएगा।
जान गंवाने वाले अन्य 22 लोगों में तमिलनाडु के 7, आंध्र-उत्तर प्रदेश के 3-3 और बिहार, ओडिशा, कर्नाटक, महाराष्ट्र, झारखंड, हरियाणा, पंजाब और पश्चिम बंगाल के 1-1 लोग हैं। एक मृतक किस राज्य का है, इसकी जानकारी अब तक नहीं मिली है। वहीं इस मामले कुवैत ने अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।




