img

बीजिंग। चीन ने अमेरिका की अतिरिक्त 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने की धमकी को गंभीरता से लिया है। चीन ने अमेरिका को चेताया है कि अगर टैरिफ की दर और बढ़ाई गईं तो अपने अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए माकूल जवाब दिया जाएगा।चीन का कहना है कि अमेरिका के तथाकथित पारस्परिक टैरिफ एकतरफा और धमकाने वाले हैं। इसलिए चीन के जवाबी टैरिफ वैध है, क्योंकि हर किसी को अपनी संप्रभुता और सुरक्षा करने का अधिकार है।

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने चीनी वाणिज्य मंत्रालय के प्रवक्ता के हवाले से कहा कि चीन के खिलाफ अमेरिका ने अगर टैरिफ बढ़ाने की गलती की तो वह भी पीछे नहीं हटेगा। अमेरिका को अपनी ब्लैकमेल करने की प्रकृति पर रोक लगानी होगी। चीन कभी भी अमेरिका सामने नहीं झुकेगा। प्रवक्ता ने कहा कि व्यापार युद्ध में कोई विजेता नहीं होता। अमेरिका अपनी गलती माने और चीन के खिलाफ सभी एकतरफा टैरिफ उपायों को रद्द करे।

सीएनएन चैनल की खबर के अनुसार, जब कई देश ट्रंप के साथ टैरिफ डील करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, तब चीन उसके सामने पूरी ताकत से खड़ा है और उम्मीद कर रहा है कि वह संकट को अवसर में बदल देगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को फिर से टैरिफ बढ़ाने का संकल्प दोहराया तो बीजिंग ने एक बार फिर से अपनी बात पर कायम रहने की कसम खाई। उसके वाणिज्य मंत्रालय ने बयान में कहा कि चीन पर टैरिफ बढ़ाने की अमेरिकी धमकी का उस पर कोई असर नहीं पड़ता।


Read More: ईरान की मिसाइलों से दहला इजराइल का तेल अवीव और एलात शहर, मची तबाही