चेन्नई। CSK vs MI Match: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के सलामी बल्लेबाज रचिन रविंद्र ने पहली बार चेन्नई में एमएस धोनी के फैंस का जबरदस्त उत्साह महसूस किया। मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ मुकाबले में जब सीएसके (CSK) को जीत के लिए चार रनों की जरूरत थी, तो पूरा चेपॉक स्टेडियम धोनी के छक्के का इंतजार कर रहा था। लेकिन इस बार यह मौका रविंद्र ने ले लिया और डीप मिडविकेट के ऊपर छक्का लगाकर टीम को चार विकेट से जीत दिलाई।
मैच के बाद रविंद्र ने कहा, "जब आप मैदान पर होते हैं, तो सिर्फ मैच जीतने पर ध्यान होता है, लेकिन इस माहौल को नजरअंदाज करना मुश्किल था। जब धोनी मैदान में आते हैं, तो स्टेडियम में गूंजते सीटी और शोर को महसूस किया जा सकता है। उनके साथ क्रीज साझा करना मेरे लिए बेहद खास था।"
धोनी की फिनिशिंग का इंतजार कर रहे थे फैंस
रविंद्र ने स्वीकार किया कि स्टेडियम में मौजूद फैंस चाहते थे कि वह धोनी को स्ट्राइक दें और वह अपने स्टाइल में मैच खत्म करें। उन्होंने कहा, "सभी चाहते थे कि मैं उन्हें स्ट्राइक दूं और धोनी मैच खत्म करें। उन्होंने सीएसकेके लिए कई मैच फिनिश किए हैं और आगे भी करेंगे, लेकिन मेरे लिए जरूरी था कि मैं टीम को जीत तक पहुंचाऊं।"
CSK में सलामी बल्लेबाज के रूप में मौका
आईपीएल 2024 (IPL 2024) में डेवोन कॉनवे की चोट के कारण रविंद्र को पारी की शुरुआत करने का मौका मिला था। इस सीजन की नीलामी में सीएसकेने राइट टू मैच कार्ड का इस्तेमाल कर रविंद्र को फिर से अपनी टीम में शामिल किया और बतौर ओपनर मौका दिया। उनके इस फैसले ने कमाल कर दिया, क्योंकि रविंद्र ने 156 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही सीएसके की टीम को 45 गेंदों में नाबाद 65 रन बनाकर जीत दिलाई।
रविंद्र ने कहा, "कुछ दिन पहले कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने मुझे बताया कि मैं इस सीजन में ओपनिंग करूंगा। यह मेरे लिए गर्व की बात है, क्योंकि CSK के पास शानदार सलामी बल्लेबाजों की विरासत रही है, जिसमें माइकल हसी, शेन वॉटसन, ब्रेंडन मैक्कलम, फाफ डु प्लेसिस, रुतुराज गायकवाड़, मैथ्यू हेडन और डेवोन कॉनवे जैसे नाम शामिल हैं।"




